बिहार के गयाजी में फल्गु नदी के तट पर पिंडदान और तर्पण करते हुए श्रद्धालु

पितृपक्ष क्या है? जानें इसका महत्व, श्राद्ध विधि, तिथियाँ और गयासुर की पौराणिक कथा

पितृपक्ष क्या है? जानें पितृपक्ष का धार्मिक महत्व, गयासुर की पौराणिक कथा, श्राद्ध और तर्पण की सही विधि, पंचबलि का नियम और मुख्य तिथियों की पूरी जानकारी।

पितृ-ऋण और मुक्ति, पूर्वजों का आशीर्वाद, पिंडदान का संपूर्ण ज्ञान और कविता

पितृपक्ष क्या है? जैसा कि नाम से ही पता चलता है—यह हमारे पितरों यानी पूर्वजों का पक्ष है और उनके लिए किए जाने वाले कार्यों का समय है। हम अक्सर अपने बुजुर्गों से सुनते आए हैं कि इस दौरान कौए और कुत्ते को भोजन कराना चाहिए। वे बताते हैं कि ये जीव हमारे उन पूर्वजों से जुड़े हैं जो अब इस दुनिया में नहीं रहे, और इन्हें भोजन कराने से हमारे पूर्वजों को मुक्ति मिलती है।

सनातन परंपरा में पितृपक्ष (Pitru Paksha) वही 16 दिन का पवित्र समय है, जो हमें अपनी जड़ों से जुड़ने और अपने पितरों के प्रति सम्मान जताने का मौका देता है।

मान्यता है कि इन दिनों हमारे पूर्वज किसी न किसी रूप में हमारे पास आते हैं। अगर आप भी इस साल पितृपक्ष में श्राद्ध, तर्पण या पिंडदान करने की सोच रहे हैं, तो यह लेख आपके लिए ही है। आइए बिल्कुल आसान भाषा में समझते हैं पितृपक्ष से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात।

पितृपक्ष का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व

हमारा जीवन तो कर्ज के तले ही दबा हुआ है, विशेषकर हमारे उन बुजुर्गों के कर्ज तले, जिनकी छत्रछाया में हम बड़े होते हैं। हम इस कर्ज को कम करने की कोशिश कर सकते हैं। हमारे जीवन पर तीन तरह के ऋण (कर्ज) होते हैं—देव ऋण, ऋषि ऋण और पितृ ऋण। पितृपक्ष में अपने पूर्वजों के नाम से किया गया दान, तर्पण और पिंडदान हमें पितृ ऋण से मुक्ति दिलाता है।

जब हमारे पूर्वज प्रसन्न होते हैं, तो उनका आशीर्वाद हमारे पूरे परिवार पर बना रहता है। घर में सुख-शांति आती है, बच्चों की तरक्की होती है और बीमारियां दूर रहती हैं। वहीं, पितरों को भूल जाने से घर में अशांति और बाधाएं आ सकती हैं, जिसे ‘पितृ दोष’ कहा जाता है।

हमारी सभ्यता में कुछ कहानियाँ यूँ ही नहीं लिखी गईं,
हमें याद दिलाती हैं उन अपनों की,
जो आगे निकल गए।

कविता: पितृ-ऋण और मुक्ति

भुला दिया जीते-जी भी हमने,
दिल तोड़ दिया,
बेघर कर दिया घर-आँगन से।
हम स्वार्थ के ऐसे लाभार्थी बने,
जीते-जी छोड़ा,
मरणोपरांत भी न पूछा।

आओ, कुछ पल को उन्हें याद कर लें,
अपने पितरों के आगे नतमस्तक हो जाएँ।
सौभाग्य हमारा जाग उठेगा,
आओ,
अपने कुछ ऋण कम कर लें।

कहाँ समय अब वे हमसे माँग रहे हैं?
बस पल भर देकर,
मुक्ति का मार्ग माँग रहे हैं।
पवन में घुलकर,
रवि का तेज और आशीष अर्पण तुमको करते रहेंगे।

स्वार्थ और उपेक्षा की सच्चाई:

हम इंसान इतने स्वार्थी हो गए हैं कि हमने अपने बुजुर्गों और अपनों को जीते-जी ही भुला दिया। उनके दिल को ठेस पहुँचाई और उन्हें घर-आँगन से बेगाना कर दिया। हमने अपने स्वार्थ के आगे यह भी भूल दिया कि जीते-जी तो हमने उन्हें छोड़ ही दिया था, उनके चले जाने (मृत्यु) के बाद भी हमने कभी उनका हाल नहीं पूछा।

हमारे पूर्वज अब हमसे हमारा कीमती समय या कोई धन-दौलत नहीं माँग रहे हैं। वे तो बस हमारा थोड़ा सा ध्यान और श्रद्धा चाहते हैं, ताकि उन्हें मोक्ष (शांति) मिल सके और हम अपने कर्तव्यों से मुक्त हो सकें।

गया शहर का नाम ‘गया’ कैसे पड़ा? गयासुर की कथा क्या है

जब भी पिंडदान की बात आती है, तो सबसे पहले हमारे दिमाग में बिहार के गया (Gaya) शहर का नाम आता है। इसका नाम बदलकर अब ‘गयाजी’ कर दिया गया है, जो  गयासुर को सम्मान देने के लिए किया गया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस शहर का नाम गया कैसे पड़ा? इसके पीछे ‘वायु पुराण‘ में दर्ज गयासुर नाम के एक राक्षस (असुर) की कहानी है।

गयासुर दानव कुल में जन्मा था, लेकिन वह बेहद दयालु और भगवान विष्णु का परम भक्त था। उसने तपस्या करके भगवान से वरदान मांगा कि जो भी उसके शरीर को छू ले, उसके सारे पाप धुल जाएं और उसे सीधा मोक्ष मिले।

इस वरदान के बाद लोग बिना अच्छे कर्म किए, सिर्फ गयासुर को छूकर मोक्ष पाने लगे। नर्क खाली होने लगा और स्वर्ग में जगह कम पड़ने लगी।

सृष्टि का संतुलन बनाए रखने के लिए देवताओं ने गयासुर से एक पवित्र यज्ञ के लिए उसका शरीर मांग लिया। गयासुर ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपना विशाल शरीर ज़मीन पर बिछा दिया।

विष्णुपाद मंदिर की स्थापना:

जब यज्ञ के दौरान उसका शरीर हिलने लगा, तो भगवान विष्णु ने अपने पैर से उसके शरीर को स्थिर किया। आज वही जगह गया का प्रसिद्ध ‘विष्णुपाद मंदिर‘ है, जहाँ भगवान के पद-चिह्न मौजूद हैं।

भगवान विष्णु ने गयासुर के इस त्याग से खुश होकर वरदान दिया कि यह जगह हमेशा ‘गया’ के नाम से जानी जाएगी। यहाँ जो भी अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान करेगा, उसके पितरों को भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें सीधे मोक्ष मिलेगा।

श्राद्ध और तर्पण की विधि:

हमारे बुजुर्गों को हमसे कुछ नहीं चाहिए होता। वे जब जीवित थे, तब भी अपनी जिंदगी में सिर्फ हमारा थोड़ा सा साथ चाहते थे। और अब जब वे इस दुनिया में नहीं हैं, तब भी उन्हें बस एक ऐसा पल चाहिए जिससे उन्हें मुक्ति मिल सके।

यह बात मायने नहीं रखती कि आप उनके जाने के बाद उनके नाम पर क्या-क्या कर रहे हैं। अगर आप उनके बाद कोई बड़ा या चमत्कारिक काम करते हैं, तो वह आप अपने दिखावे के लिए करते हैं, न कि उनके लिए—क्योंकि जिन्हें आप जीते-जी सम्मान नहीं दे सके, उन्हें मरने के बाद आप क्या देंगे?

इंसान जो कुछ भी अपने साथ लेकर इस दुनिया से जाता है, वह उसके जीवित रहते बनाए गए रिश्तों और स्थितियों से जुड़ा होता है, न कि मरने के बाद उसके नाम से स्मारक बनाने से।

इसलिए यह आप पर निर्भर करता है कि आप किस श्रद्धा से उनका पिंडदान करते हैं और आपके हृदय में उनके प्रति कैसी भावना है। यह भावना ही उन्हें मुक्ति दिलाती है और आपके जीवन में संतुलन बनाती है, क्योंकि आज आप भी उसी स्थान पर खड़े हैं जहाँ से वे चले गए और इस संसार को आपके लिए छोड़ गए।

श्राद्ध का काम हमेशा दोपहर के समय (कुतुप या रोहिण काल में) करना चाहिए। सुबह या शाम को श्राद्ध नहीं किया जाता।

हाथ में कुशा और काले तिल लेकर दक्षिण दिशा की तरफ मुंह कर के और पितरों को जल अर्पित किया जाता है।

ब्राह्मण को भोजन कराने से पहले खाने का पहला हिस्सा 5 जीवों के लिए निकाला जाता है—

गाय: इसमें 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है।

कुत्ता: यमराज के मार्ग की रक्षा करने वाला माना जाता है।

कौआ: इसे पितरों का संदेशवाहक माना गया है।

देवता: घर की सुख-समृद्धि के लिए।

चींटी: सूक्ष्म जीवों की तृप्ति के लिए।

इसके बाद किसी योग्य और सात्विक ब्राह्मण को भोजन कराएं, उनका आशीर्वाद लें और सामर्थ्य अनुसार कपड़े या दक्षिणा दान करें।

पितृपक्ष की मुख्य तिथियाँ (विशेष श्राद्ध 2026)

16 दिनों के इस पक्ष में कुछ दिन बहुत खास माने जाते हैं:

भरणी श्राद्ध: परिवार में किसी की अकाल मृत्यु हुई हो या हाल ही में किसी का निधन हुआ हो, तो उनका श्राद्ध 29 सितंबर 2026, दिन मंगलवार को किया जाएगा।

मातृ नवमी (नवमी तिथि): 4 अक्टूबर 2026, दिन रविवार को घर की मृत माताओं, बहनों और सुहागिन महिलाओं को याद करने और उनके नाम का श्राद्ध करने के लिए समर्पित है।

चतुर्दशी श्राद्ध: दुर्घटना, शस्त्र या जहर से हुई मृत्यु वाले लोगों का श्राद्ध 9 अक्तूबर 2026, दिन शुक्रवार है।

सर्वपितृ अमावस्या: यह पितृपक्ष का आखिरी दिन होता है। अगर आपको अपने किसी पूर्वज की मृत्यु की तारीख याद न हो, तो आप 10 अक्टूबर 2026, दिन शनिवार को  उन सभी के नाम का श्राद्ध और तर्पण कर सकते हैं।

पिंडदान के लिए 3 सबसे पवित्र स्थान

वैसे तो आप श्राद्ध अपने घर पर भी कर सकते हैं, लेकिन इन जगहों पर जाने का विशेष महत्व है:

गया (बिहार): इसे पिंडदान का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। भगवान राम ने भी अपने पिता राजा दशरथ का पिंडदान यहीं किया था।

ब्रह्मकपाल (बद्रीनाथ): मान्यता है कि यहाँ एक बार पिंडदान कर देने के बाद फिर जीवन में कभी श्राद्ध करने की ज़रूरत नहीं पड़ती।

हरिद्वार और प्रयागराज: गंगा और संगम के पवित्र तट पर तर्पण करने से आत्मा को तुरंत शांति मिलती है।

पितृपक्ष कोई अंधविश्वास या सिर्फ एक कर्मकांड नहीं है। यह अपनों को याद करने, प्रकृति के पशु-पक्षियों की सेवा करने और समाज के ज़रूरतमंदों की मदद करने का एक बेहद खूबसूरत तरीका है। इस पितृपक्ष में अपनी व्यस्त ज़िंदगी से थोड़ा सा वक्त निकालें, अपने पूर्वजों की अच्छी बातों को याद करें और उन्हें दिल से शुक्रिया कहें।

इसे जरूर पढ़े : पिता की याद: दिल छू लेने वाली भावुक कविता, यह कविता किसी कल्पना से नहीं, बल्कि लहू में सुलगते उस शोले और दर्द की उपज है।

📱 डिजिटल रीडर्स के लिए खास: आप हमारी पूरी ई-बुक ‘काव्य तरंगिणी’ मात्र ₹49 में डाउनलोड कर सकते हैं।

📥 ई-बुक अभी डाउनलोड करें यहाँ क्लिक करके ई-बुक खरीदें।

अपनी राय और विचार नीचे कमेंट सेक्शन (Comment Box) में लिखकर हमारे साथ ज़रूर साझा करें। आपका एक कमेंट हमें और बेहतर लिखने की प्रेरणा देता है!

1 thought on “पितृपक्ष क्या है? जानें इसका महत्व, श्राद्ध विधि, तिथियाँ और गयासुर की पौराणिक कथा”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top