जाति, समाज और सनातन शास्त्र: समानता और समदृष्टि का संदेश

जाति, समाज और सनातन शास्त्र: क्या जन्म से कोई बड़ा या छोटा होता है?

क्या सनातन धर्म और शास्त्र जन्म के आधार पर छोटा या बड़ा मानते हैं? IIT बॉम्बे की घटना, भगवद्गीता, वेद, उपनिषद और संत परंपरा के आलोक में जानिए जाति, समाज और सनातन धर्म का वास्तविक सत्य।

जाति की कड़वी सच्चाई: आईआईटी बॉम्बे की घटना और एक लेखक की पीड़ा

जाति, समाज और सनातन शास्त्र—इन तीनों के अंतर संबंधों पर विचार करते समय सबसे पहला और ज्वलंत प्रश्न ‘जाति’ का ही सामने आता है। आज के समय में यह केवल एक सैद्धांतिक बहस नहीं, बल्कि एक अति-संवेदनशील और गंभीर सामाजिक मुद्दा बन चुका है। हाल ही में आईआईटी बॉम्बे से आई एक अत्यंत दुखद खबर ने हम सभी को भीतर तक हिलाकर रख दिया, जहाँ एक छात्र को कथित तौर पर जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के कारण अपनी जीवन-लीला समाप्त करनी पड़ी।

एक लेखक और विचारशील नागरिक के नाते सबसे पहले मुझे उस छात्र के प्रति गहरा दुख है। जीवन में कोई भी समस्या या परिस्थिति इतनी बड़ी नहीं हो सकती कि उसका समाधान आत्महत्या है। उस दिवंगत आत्मा के प्रति मेरी श्रद्धांजलि और उनके माता-पिता तथा परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। यह घटना हमें सोचने पर मजबूर करती है कि आधुनिक शिक्षा के शिखर पर पहुँचकर भी हमारा समाज मानसिकता के स्तर पर कहाँ खड़ा है?

‘नैतदब्राह्मणो विवक्तुमर्हति समिधं सोम्याहर्युप त्वा नेष्ये न सत्यादगा इति।’

ऐसा निष्छल और कठिन सत्य केवल वही कह सकता है जो स्वभाव से सच्चा ज्ञानी/ब्राह्मण हो। तुम सत्य से विचलित नहीं हुए, इसलिए मैं तुम्हें अपना शिष्य स्वीकार करता हूँ।

परंतु आज के परिदृश्य में आईआईटी बॉम्बे की घटना को देखकर यह प्रश्न उठता है कि क्या आज के आधुनिक समाज ने इस ‘सत्य’ को स्वीकार करने का साहस दिखाया?

उत्तर है—बिलकुल नहीं! न तो उस वातावरण ने सत्य को स्वीकार किया जहाँ अगर जातिगत उत्पीड़न हुआ तो अनदेखा किया गया, और न ही उस पीड़ित छात्र के स्तर पर परिस्थितियाँ सही ढंग से प्रस्तुत हो सकीं।

एक संवेदनशील लेखक के नाते मैं यह भी कहना चाहता हूँ कि आत्महत्या किसी भी समस्या या मुद्दे का अंत या समाधान नहीं हो सकती। यदि उस छात्र के साथ अन्याय या भेदभाव हो रहा था, तो उसे अपनी जान देने के बजाय समाज के सामने उस ‘सत्य’ को सीना ठोककर प्रस्तुत करना चाहिए था। सत्य का सामना करना कठिन ज़रूर होता है, लेकिन जीवन लीला समाप्त कर लेना किसी व्यवस्था को बदलने का रास्ता नहीं है। समाज को भी अपनी मानसिकता का सत्य स्वीकारना होगा और युवाओं को भी हर परिस्थिति में जीवन का मार्ग चुनना होगा।

समाज के दो चेहरे: अनुशासन, समता और एक प्रश्न

जाति के प्रश्न के बाद, अब बात करते हैं समाज की—या यूँ कहें कि समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले हम सभी की। हम कोई समाज का एक छोटा हिस्सा भर नहीं हैं, बल्कि हम स्वयं ही यह पूरा समाज हैं। यहाँ हमें इस समाज के दो रूप (दो चेहरे) दिखाई देते हैं। इसका विश्लेषण मैं आप पाठकों के विवेक पर छोड़ता हूँ, लेकिन पहले मैं आपका ध्यान उन स्थानों की ओर ले जाना चाहता हूँ जहाँ समाज का एक अत्यंत अनुशासित रूप दिखाई देता है।

क्या हमारी भारतीय सेना, सार्वजनिक साधनों (ट्रेन, बस) से की जाने वाली यात्राएँ और सभी समुदायों की सामूहिक जन-सभाएँ—क्या इन तीनों स्थानों पर कभी जाति का कोई स्थान या ज़िक्र होता है?

उत्तर है—बिलकुल नहीं! हमारी सेना कभी जाति के हिसाब से काम नहीं करती, और न ही सीमा पर दुश्मन जाति देखकर गोली चलाता है या गोला बरसाता है। इसी तरह जब हम ट्रेन या बस में सफर करते हैं, तो क्या वहाँ जाति पूछकर सीटें मिलती हैं या यात्रा होती है? वहाँ हर नागरिक सभ्यता के साथ एक साथ यात्रा करता है। ठीक वैसे ही, किसी सामाजिक या सार्वजनिक सभा में किसी के माथे पर उसकी जाति नहीं लिखी होती।

ऐसे में सबसे बड़ा प्रश्न यह उठता है कि यदि हमारे दैनिक जीवन के इतने बड़े हिस्सों में जाति मायने नहीं रखती, तो फिर समाज का वह ‘दूसरा रूप’ कैसे खड़ा हो जाता है? यह जातिगत और भेदभाव का प्रश्न अचानक कहाँ से पैदा होता है? क्या हमारे और आपके बीच ही कोई इस ज़हरीले पौधे को लगातार सींच रहा है?

यः कश्चिदात्मानमद्वितीयं गुणजातिक्रियाहीनं…
साक्षादपरोक्षीकृत्य कृतार्थतया वर्तते स एव ब्राह्मणः।

जो व्यक्ति जाति, गुण, रूप और क्रिया से परे उस एक अखंड, अद्वितीय परमात्मा का साक्षात अनुभव कर लेता है और राग-द्वेष से मुक्त होकर आचरण करता है, वही वास्तव में सच्चा ब्राह्मण है।

उपनिषद का यह श्लोक समाज के उस अनुशासित रूप का आध्यात्मिक आधार प्रस्तुत करता है, जिसकी चर्चा हमने सेना और सार्वजनिक स्थानों के संदर्भ में की। यहाँ ‘ब्राह्मण’ का अर्थ किसी जाति विशेष में जन्म लेना नहीं, बल्कि ‘ब्रह्म-भाव‘ (समानता की दृष्टि) को प्राप्त करना है।

जब हमारी सेना सीमाओं पर किसी साथी का हाथ थामती है, या जब हम किसी बस और ट्रेन में एक-दूसरे के पास बैठकर सभ्यता से यात्रा करते हैं, तो जाने-अनजाने हम इसी उपनिषद के सत्य को जी रहे होते हैं—जहाँ कोई जाति नहीं, कोई भेदभाव नहीं, केवल एक मनुष्य दूसरे मनुष्य को समान भाव से देखता है।

यदि हमारा समाज अपने दैनिक व्यवहार में इस समता (Equality) को अपना सकता है, तो फिर जन्म के आधार पर श्रेष्ठता या नीचता का ढोंग रचना उपनिषदों की मूल आत्मा और सनातन धर्म का ही अपमान है।

सनातन शास्त्र और परंपरा: मूल सिद्धांतों की खोज

मानव इतिहास में समाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए अनेक व्यवस्थाएँ बनाई गईं, परंतु जब कोई व्यवस्था जन्म-आधारित पहचान और ऊँच-नीच में बदलने लगती है, तो समाज में विषमता और विभाजन उत्पन्न होता है। आज के आधुनिक युग में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या भारतीय सनातन संस्कृति और शास्त्र जाति के आधार पर किसी को छोटा या बड़ा मानते हैं?

इस प्रश्न का उत्तर खोजने के लिए हमें सनातन दर्शन के मूल स्तंभों—वेद, उपनिषद, भगवद्गीता, संत परंपरा और पौराणिक इतिहास—का शास्त्रीय और आध्यात्मिक गहराई से विश्लेषण करना होगा।

श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश: “गुणकर्मविभागशः” का वास्तविक अर्थ

सनातन धर्म के सर्वाधिक प्रामाणिक ग्रंथों में से एक श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने समाज के चार वर्णों की संरचना के मूल आधार को स्पष्ट रूप से उजागर किया है।

श्रीमद्भगवद्गीता के चौथे अध्याय के 13 वें श्लोक में श्रीकृष्ण कहते हैं:

चातुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः।
तस्य कर्तारमपि मां विद्ध्यकर्तारमव्ययम्॥

गुणों और कर्मों के विभाजन के आधार पर मेरे द्वारा चारों वर्णों की रचना की गई है। यद्यपि मैं इस व्यवस्था का कर्ता हूँ, फिर भी मुझे अकर्ता और अविनाशी ही जानो।

यहाँ प्रयुक्त शब्द “गुणकर्मविभागशः” अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। श्रीकृष्ण ने यह नहीं कहा कि वर्ण का निर्धारण ‘जन्म’ (जाति) से होता है, बल्कि यह स्पष्ट किया कि यह व्यक्ति के अंतरनिहित गुण (सत्त्व, रज, तम) और उसके द्वारा किए जाने वाले कर्म (व्यवहार एवं कर्तव्य) पर आधारित है।

गीता के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति में ये गुण और आचरण मौजूद नहीं हैं, तो केवल किसी विशेष कुल में जन्म लेने मात्र से वह उस वर्ण का अधिकारी नहीं बन जाता।

वेदों और उपनिषदों की दृष्टि से सीख

सनातन धर्म में श्रुति (वेद और उपनिषद) को सर्वोच्च प्रामाणिक ग्रंथ माना गया है। इनमें जन्म-आधारित भेदभाव का खंडन और सत्य ज्ञान को ही सर्वोपरि स्थान दिया गया है।

ऋग्वेद में वर्ण का गतिशील स्वरूप

ऋग्वेद के 9वें मण्डल के इस प्रसिद्ध सूक्त (9.112.3) में ऋषि अपने परिवार की विभिन्न आजीविकाओं (कामधंधों) का वर्णन करते हुए कहते हैं:

कारुरहं ततो भिषगुपलप्रक्षिणी नना।
नानाधियो वसुयवो अनु गा इव तस्थिमेन्द्रायेन्दो परिस्रव॥

मैं मन्त्र रचने वाला (कवि/ब्राह्मण) हूँ, मेरे पिता वैद्य (चिकित्सक/क्षत्रिय-वैश्य कर्म) हैं, और मेरी माता पत्थर की चक्की से अन्न पीसने वाली (श्रमसाध्य कार्य) हैं। हम सभी अलग-अलग कर्म करते हुए धन की इच्छा से एक साथ रहते हैं।

यह मन्त्र सिद्ध करता है कि वैदिक काल में एक ही परिवार के सदस्य अपने-अपने कर्म और रुचि के अनुसार अलग-अलग वर्ण के हो सकते थे। वहाँ वंशानुगत जाति व्यवस्था नहीं थी।

वैदिक दृष्टिकोण, आधुनिक दोहरी मानसिकता और एक प्रश्न:

आज के आधुनिक समय में काम-काज के स्तर पर पारंपरिक जातिगत नियम काफी हद तक टूट चुके हैं और हर व्यक्ति अपनी योग्यता के अनुसार कार्य करने के लिए स्वतंत्र है, परंतु समाज की मानसिक संकीर्णता आज भी बनी हुई है। जब भी किसी कार्यस्थल पर कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटती है, तो तुरंत उसे ‘जातिगत कोण’ (Caste Angle) से जोड़ दिया जाता है।

दुखद पक्ष यह है कि यदि वही घटना किसी सामान्य वर्ग या अन्य व्यक्ति के साथ घटे, तो समाज उसे एक ‘सामान्य हादसा’ या प्रशासनिक विफलता मानकर भूल जाता है। लेकिन जैसे ही उसमें जाति की पहचान जुड़ती है, वह एक बड़ा सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा बन जाता है।

क्या किसी पीड़ा, न्याय या अपराध का मापदंड व्यक्ति की जाति के आधार पर तय होना चाहिए? क्या यह दोहरी मानसिकता सही है?—यह प्रश्न मैं आप सभी पाठकों के विवेक और अंतरात्मा पर छोड़ता हूँ।

संत परंपरा का प्रहार: कबीर, रविदास और रामानंद के विचार

भक्ति आंदोलन के महान संत स्वामी रामानंद जी ने भक्ति के द्वार सभी के लिए खोल दिए। उनका प्रसिद्ध कथन था:

जाति पाँति पूछे नहिं कोई।
हरि को भजै सो हरि का होई॥

ईश्वर की भक्ति में जाति का कोई स्थान नहीं है; जो भी परमात्मा का स्मरण करता है, वह परमात्मा का ही हो जाता है।

संत कबीर ने जन्म-आधारित श्रेष्ठता का खंडन करते हुए कहा:

जाति न पूछो साधु की, पूछ लीजिये ज्ञान।
मोल करो तलवार का, पड़ा रहन दो म्यान॥

कबीरदास जी ने बाह्य आचार और जन्म के अहंकार पर कटाक्ष करते हुए मानव-मात्र की शारीरिक और आध्यात्मिक समानता का प्रतिपादन किया।

संत रविदास जी ने समाज में कर्म की प्रधानता और ईश्वर-भक्ति को ही सच्चा मापदंड माना। उन्होंने लिखा:

रविदास जन्म के कारनै, होत न कोऊ नीच।
नर कूँ नीच करि डारि है, ओछे करम की कीच॥

 कोई भी व्यक्ति केवल जन्म लेने से नीच नहीं होता, बल्कि उसके बुरे कर्म ही उसे नीच बनाते हैं। उन्होंने एक ऐसे आदर्श समाज की कल्पना की जिसे उन्होंने ‘बेगमपुरा‘ (जहाँ कोई दुख, भय या भेदभाव न हो) कहा।

प्राचीन ग्रंथों में कथाएं और विवाद: शंभूक वध और प्रक्षिप्त अध्यायों का विश्लेषण

भारतीय पौराणिक इतिहास में कुछ ऐसे प्रसंग भी आते हैं जिन पर गंभीर वाद-विवाद होता रहा है। इनमें सबसे प्रमुख है वाल्मीकि रामायण के उत्तर काण्ड में वर्णित शंभूक वध का प्रसंग। महर्षि दयानंद सरस्वती व स्वामी विवेकानंद की वैचारिक परंपरा के विचारकों का स्पष्ट मानना है कि यह प्रसंग मूल रामायण का भाग नहीं है, बल्कि इसे बाद के काल में जोड़ा गया प्रक्षिप्त (Interpolation) अंश है।

उत्तर काण्ड (अध्याय 73-76) के अनुसार, अयोध्या में एक ब्राह्मण बालक की अकाल मृत्यु हो जाती है। नारद मुनि राजा राम को बताते हैं कि राज्य में शंभूक नामक शूद्र नियमों के विपरीत जाकर स्वर्ग प्राप्ति के लिए कठोर तपस्या कर रहा है, जिससे यह अधर्म उत्पन्न हुआ है। इसके बाद राम जाकर शंभूक का वध करते हैं, जिससे वह बालक पुनः जीवित हो जाता है।

शंभूक प्रसंग, आधुनिक कानून और समीक्षा की आवश्यकता:

शंभूक वध के प्रसंग में नारद जी द्वारा नियम और मर्यादा के उल्लंघन का उल्लेख मिलता है, जिसके आधार पर दंड की बात कही गई। यदि हम इस घटना की तुलना आज के परिदृश्य से करें, तो हम पाते हैं कि आधुनिक समाज में भी कुछ ऐसे विशेष नियम और कानून बने हैं, जो बने तो किसी वर्ग की सुरक्षा के लिए थे, परंतु उनके संभावित दुरुपयोग के कारण आज एक आम इंसान भयभीत रहता है। लोगों के मन में यह डर बना रहता है कि कहीं उन पर झूठा या राजनीति से प्रेरित जातिवादी मुकदमा न दर्ज हो जाए।

जैसे शंभूक प्रसंग में ‘नियम और व्यवस्था’ के नाम पर एक स्थिति पैदा हुई, वैसे ही आज भी कई कानूनों के गलत इस्तेमाल से सामान्य नागरिकों के जीवन में अडचनें आती हैं। यहाँ सबसे बड़ा प्रश्न यह उठता है कि क्या समय-समय पर ऐसे कानूनों और नियमों की समीक्षा (Review) नहीं होनी चाहिए? जब किसी कानून का इस्तेमाल न्याय दिलाने के बजाय किसी का उत्पीड़न करने या बदला लेने के लिए होने लगे, तो उस व्यवस्था और कानून के निष्पक्ष विश्लेषण की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ जाती है। कानून की आत्मा न्याय में है, भय या असमानता फैलाने में नहीं।

मर्यादा, उदारता और नियमों के परिवर्तन की आवश्यकता:

यहाँ एक और महत्त्वपूर्ण पक्ष सामने आता है। श्री राम ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ हैं, जो धर्म और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नियमों और मर्यादाओं से बंधकर कार्य करने को विवश होते हैं। परंतु, उसी श्री राम के चरित्र का दूसरा और वास्तविक रूप देखिए—वे ही श्री राम हैं जिन्होंने सामाजिक बंधनों को तोड़कर निषादराज केवट को आलिंगन में लिया और प्रेमवश माता शबरी के जूठे बेर भी खाए।

वास्तव में, ‘पुरुषोत्तम’ वही है जो एक तरफ शासन और मर्यादा के नियमों का पालन करे, तो दूसरी तरफ अपने आचरण में उदारता, प्रेम और मानवीयता दिखाए। लेकिन इसके साथ ही यह समझना भी अत्यंत आवश्यक है कि यदि अतीत में बना कोई नियम, कानून या व्यवस्था में त्रुटिपूर्ण सिद्ध होती है या समाज में विषमता फैलाने लगती है, तो समय के साथ उसमें सुधार और परिवर्तन करना ही एक जीवंत समाज की पहचान है। नियम मनुष्य और समाज के कल्याण के लिए बनते हैं, न कि मनुष्य नियमों की बलि चढ़ने के लिए।

ईश्वर और प्रकृति की नज़र में सभी समान

प्रकृति सूर्य का प्रकाश, जल, वायु और भूमि किसी की जाति देखकर प्रदान नहीं करती। पंचतत्व सभी शरीरों में समान रूप से विद्यमान हैं।
श्रीमद्भगवद्गीता के पाँचवें अध्याय का 18वाँ श्लोक (5.18) में भगवान कहते हैं:

विद्याविनयसंपन्ने ब्राह्मणे गवि हस्तिनि।
शुनि चैव श्वपाके च पण्डिताः समदर्शिनः॥

ज्ञानी जन विद्या-विनय संपन्न ब्राह्मण, गाय, हाथी, कुत्ते और चांडाल में एक ही आत्म-तत्त्व को देखते हैं और समदर्शी होते हैं।
मनुष्य की श्रेष्ठता उसके जन्म, कुल या जाति से तय नहीं होती; बल्कि उसके सद्गुण, चरित्र, ज्ञान और लोक-कल्याणकारी कर्मों से तय होती है।
समाज को विभाजित करने वाली जाति व्यवस्था मानव निर्मित सामाजिक विकृति है, जबकि सनातन शास्त्र का वास्तविक आध्यात्मिक संदेश अभेद, समानता और सार्वभौमिक प्रेम का ही है।

मेरी पुस्तक ‘यथार्थ‘ में संकलित रचना “अंत”  की ये पंक्तियाँ मानव जीवन के इसी अंतिम सत्य और समानता के भाव को रेखांकित करती हैं:

कविता: अंत

अनंत अंत, कटु अंत
परिच्छिति अंत है


भस्मीकरण मनुज अंत की,
रुदन करता मनुज अंत

लोक-लज्जा,
पद-प्रतिष्ठा, शोक करता,
अजस्र हृदय अंत

स्वतंत्र अंत,
निर्विरोध अंत
परिच्छिति अंत है

खग, कपाल, जल, धरा
पवन अंत सब की!

मनुज कर्म;
मूक, मेचक
विमार्ग अंत मयंक की

चिरंतन अंत,
असीम अंत
परिच्छिति अंत है

निनिमेष अबोध मनुज तू
विषाद अंत मनुज है

अभिसार ब्रह्मांड,
मनुज एक साथ चल

अशनि अंत,
युगांत अंत
परिच्छिति अंत है।

ईश्वर, समय और यथार्थ की नज़र में सभी समान

यह कविता जीवन के अंतिम सत्य और यथार्थ को प्रकट करती है। संसार में मनुष्य चाहे कितनी भी पद-प्रतिष्ठा, अहंकार या लोक-लज्जा में क्यों न पड़ा रहे, अंत में सब कुछ भस्म होकर मिट जाना है। पक्षी, जल, पृथ्वी, वायु और स्वयं मनुष्य—सबका अंत निश्चित है।

जब मृत्यु और समय की सीमा (परिच्छिति) के सामने कोई जाति, पद या वर्ग बड़ा या छोटा नहीं है, तो जीवन में जन्म के आधार पर अहंकार करना मनुष्य की अज्ञानता ही है। अंत में केवल मनुष्य के कर्म और उसका आचरण ही शेष रहता है।

शास्त्रों के गंभीर विश्लेषण और सामाजिक यथार्थ को देखने के बाद यह स्पष्ट होता है कि जन्म या जाति के आधार पर किसी को श्रेष्ठ या नीच मानना केवल मनुष्य की संकीर्ण सोच और अज्ञानता है। प्रकृति, ईश्वर और समय के सामने कोई भी बड़ा या छोटा नहीं है।

 मेरी नज़र में आपकी जाति केवल एक कागज़ का दस्तावेज़ हो सकती है, लेकिन आपकी पहचान आपके विचार, आपका ज्ञान और आपका दूसरों के प्रति व्यवहार ही तय करता है। जब तक हम जन्म के अहंकार से मुक्त होकर व्यक्ति के गुणों का सम्मान करना नहीं सीखेंगे, तब तक एक श्रेष्ठ समाज का निर्माण संभव नहीं है। आपकी इस बारे में क्या राय है, मुझे कमेंट करके ज़रूर बताएं।

इसे ज़रूर पढ़ें: जानिए शिक्षक का असली अर्थ और ज्ञान का आकाश-दीप, साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश और शिक्षक पर एक सुंदर कविता।

2 thoughts on “जाति, समाज और सनातन शास्त्र: क्या जन्म से कोई बड़ा या छोटा होता है?”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top