जब जिम्मेदारियों ने थका दिया, तब माँ की गोद और बचपन का सुकून याद आया।
फिर से मुझे बच्चा कर दो!’ — कविता का जन्म ऐसे ही नहीं होता, उसके पीछे कोई न कोई कहानी ज़रूर होती है। तब जाकर एक कविता की नींव पड़ती है और उसी नींव के साथ उसकी पूरी पहचान निखरने लगती है।
मेरी हर कविता के पीछे एक कहानी और एक गहरा अनुभव अवश्य होता है। क्योंकि मैं जीवन के उस भाव को पहले अपने अंदर जीना चाहता हूँ या उसे जी चुका होता हूँ, तभी कुछ लिखने में समर्थ हो पाता हूँ। ठीक उसी तरह, इस कविता(फिर से मुझे बच्चा कर दो!) के पीछे की कहानी भी मैं आप सभी के साथ साझा करूँगा।
कविता: फिर से मुझे बच्चा कर दो!
फिर से मुझे बच्चा कर दो!
हाथ से खिलाओ, गोदी में उठाओ
अपने आँचल में भर कर,
निंदिया रानी को बुलाओ
न हो कोई फिक्र, न हो कोई चिंताफिर से मुझे बच्चा कर दो!
अपने सीने से लगा लो, कोई ढूँढ न सके
आसमान हो छोटा, छोटी हो यह जमीन
न कहीं कोई चिंता,
हाथों में हो माँ का आँचल
फिर से एक बार बच्चा कर दो!
फिर से मुझे बच्चा कर दो!
इस कविता के जन्म की कहानी
फिर से मुझे बच्चा कर दो! भी ऐसे ही जन्मी।
जीवन के कुछ ऐसे दिन आए जब जिम्मेदारियाँ, परेशानियाँ और मन की उलझनें एक साथ सामने खड़ी थीं। उन दिनों कई बार बचपन याद आता था। याद आता था वह समय जब किसी बात की चिंता नहीं होती थी और अगर कोई डर होता भी था तो माँ की गोद में सिर रखते ही वह छोटा लगने लगता था।
बचपन में हम जल्दी बड़े होना चाहते हैं। लगता है कि बड़े होकर अपनी मर्जी की जिंदगी जी पाएँगे। लेकिन उम्र बढ़ने के साथ समझ आता है कि बचपन की निश्चिंतता कितनी अनमोल थी।
शायद इसी एहसास ने इस कविता को जन्म दिया। जब मन जिम्मेदारियों से थक गया तो भीतर से एक आवाज आई – फिर से मुझे बच्चा कर दो।
माँ का आँचल और बचपन की मासूमियत
मुझे नहीं पता कि सबके साथ ऐसा होता है या नहीं, लेकिन जब जीवन बहुत थका देता है, तब मुझे बचपन की याद आने लगती है। याद आता है वह समय जब किसी बात की चिंता नहीं थी और माँ की गोद ही पूरी दुनिया लगती थी।
कई बार मन यही सोचता है कि काश! एक बार फिर माँ की गोद में सिर रखकर बिना किसी चिंता के सो पाता।
“काश! फिर से बचपन लौट आता।” शायद इसलिए नहीं कि समय पीछे चला जाए, बल्कि इसलिए कि एक बार फिर वह निश्चिंत सुकून महसूस कर सकूँ, जो माँ की गोद में सिर रखते ही मिल जाया करता था। आज जब उन दिनों को याद करता हूँ, तो एहसास होता है कि वही माँ का स्पर्श था, जो बरसों बाद भी आँखों में चुपचाप आँसू ले आता है।
यह कविता मेरे मन की एक छोटी-सी पुकार है। अगर आपके दिल में भी कभी “फिर से मुझे बच्चा कर दो” जैसा एहसास आया हो, तो अपनी बात नीचे कमेंट में साझा करें।
जिम्मेदारियों के बीच कहीं खो चुके बचपन को याद करना चाहते हैं? तो “रक्षाबंधन: बचपन की बेफिक्री और लम्हों का यथार्थ” आपको उन यादों की दुनिया में ले जाएगा, जिन्हें शायद आपने बरसों से छुआ नहीं है।
कभी माँ का आँचल बच्चे की पूरी दुनिया हुआ करता था। लेकिन क्या आज के बदलते समय में बच्चों को वही स्नेह, वही सुरक्षा और वही भावनात्मक सहारा मिल पा रहा है? इस सवाल के जवाब तलाशने के लिए “माँ की ममता से आधुनिक माँ तक: 4 कड़वे सच!” जरूर पढ़ें।
“अगर आपको यह कविता “फिर से मुझे बच्चा कर दो “पसंद आई, तो आप हमारी पूरी ई-बुक ‘काव्य तरंगिणी’ ₹25 में Pdf डाउनलोड कर सकते हैं। यहाँ क्लिक करके ई-बुक खरीदें।”

