सूर्य उपासना का अद्भुत पर्व और बिहार की सांस्कृतिक विरासत
भारत सभ्यता और संस्कृति का देश है। इसकी नींव इतनी विशाल इसलिए है क्योंकि यहाँ विविधता में एकता की अनूठी पहचान देखने को मिलती है। इसी पहचान के शिखर पर छठ पूजा जैसे महान लोकपर्व का नाम आता है। हमारे देश में जितनी भाषाएँ हैं, उतनी ही धार्मिक आस्थाएँ भी हैं, और यही आस्थाएँ हमारे विश्वास की जड़ हैं।
आज मैं किसी अन्य विषय की नहीं, बल्कि बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाने वाले महापर्व छठ पूजा की बात कर रहा हूँ। छठ पूजा केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि जीवंत आस्था का प्रतीक है। इसकी पवित्रता इसकी सबसे बड़ी शक्ति है और सूर्य देव तथा छठी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा इसकी आत्मा है।
इसी महान लोकपर्व की परंपरा, महत्व और सांस्कृतिक विरासत को समझने का एक छोटा सा प्रयास यह ब्लॉग है।
छठ पूजा क्या है?
छठ पूजा हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें सूर्य देव और उनकी बहन मानी जाने वाली छठी मैया की पूजा की जाती है। यह पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है, लेकिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर मनाया जाने वाला छठ सबसे अधिक प्रसिद्ध है।
इस पूजा में व्रती चार दिनों तक कठोर नियमों का पालन करते हैं और निर्जला उपवास रखकर परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतानों की लंबी आयु की कामना करते हैं।
छठ पूजा 2026 कब है?
छठ पूजा 2026 का चार दिवसीय महापर्व 13 नवंबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। मुख्य संध्या अर्घ्य 15 नवंबर 2026 (रविवार) को और उषा अर्घ्य 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को दिया जाएगा।
छठ पूजा 2026 की तिथियाँ
नहाय-खाय: 13 नवंबर 2026 (शुक्रवार)
खरना: 14 नवंबर 2026 (शनिवार)
संध्या अर्घ्य: 15 नवंबर 2026 (रविवार)
उषा अर्घ्य एवं पारण: 16 नवंबर 2026 (सोमवार)
छठ पूजा का इतिहास
छठ पूजा की परंपरा अत्यंत प्राचीन मानी जाती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार महाभारत काल में द्रौपदी और पांडवों ने सूर्य देव की पूजा करके अपने संकटों से मुक्ति प्राप्त की थी। एक अन्य मान्यता के अनुसार भगवान राम और माता सीता ने अयोध्या लौटने के बाद सूर्य देव की उपासना की थी।
समय के साथ यह पर्व लोक आस्था से जुड़ता गया और आज करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र बन चुका है।
छठ पूजा का महत्व
छठ पूजा का महत्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी उतना ही बड़ा है। यह हमारी आस्था का केंद्र है, और इसी आस्था में हमारे समाज तथा हमारी पहचान की झलक दिखाई देती है। हम केवल सूर्य देव और छठी मैया की पूजा नहीं करते, बल्कि उस जीवन स्रोत को प्रणाम करते हैं जिसके बिना इस संसार में कुछ भी संभव नहीं है।
डूबते और उगते सूर्य की पूजा का संदेश
हम उगते सूर्य को प्रणाम करते हैं, तब हम नई शुरुआत, आशा और सफलता का स्वागत करते हैं। लेकिन जब हम डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हैं, तब हम यह स्वीकार करते हैं कि जीवन में हर समय एक जैसा नहीं रहता। अच्छा समय आएगा तो कठिन समय भी आएगा। छठ पूजा हमें सिखाती है कि जैसे हम उदय का सम्मान करते हैं, वैसे ही अस्त का भी सम्मान करना चाहिए। क्योंकि हर अंधेरे के बाद उजाला आता है और हर संघर्ष के बाद नई उम्मीद जन्म लेती है।
छठ पूजा हमें क्या सिखाती है?
मेरे विचार से यही छठ पूजा की सबसे बड़ी शक्ति है। यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोगों को उनकी मिट्टी, उनकी संस्कृति और उनकी जड़ों से जोड़ने वाला पर्व है। शायद यही कारण है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोग भी छठ के अवसर पर अपने गाँव, अपने घर और अपने आँगन की ओर खिंचे चले आते हैं।
छठ पूजा के चार प्रमुख दिन
1. नहाय-खाय
छठ पूजा का पहला दिन नहाय-खाय कहलाता है। इस दिन व्रती स्नान करके घर की सफाई करते हैं और शुद्ध भोजन ग्रहण करते हैं। भोजन में सामान्यतः कद्दू-भात और चने की दाल बनाई जाती है।
2. खरना
छठ पूजा का दूसरा दिन खरना कहलाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फलों का प्रसाद बनाकर पूजा की जाती है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
खरना प्रसाद की पवित्रता और महत्व
खरना का प्रसाद छठ पूजा का सबसे महत्वपूर्ण प्रसाद माना जाता है। इसका महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि इसे बनाने में पवित्रता का सबसे ज्यादा ध्यान रखा जाता है। प्रसाद बनाने के लिए विशेष रूप से मिट्टी का चूल्हा बनाया जाता है और आम की लकड़ी का प्रयोग किया जाता है।
खरना में शुद्धता और नियमों का पालन
प्रसाद के लिए गेहूँ को धोकर सुखाया जाता है। इस दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा जाता है कि उसे कोई जूठा न करे, यहाँ तक कि कोई पक्षी भी उस पर न बैठे। प्रसाद बनाने में गंगाजल का उपयोग किया जाता है और खीर भी पूरे नियम और शुद्धता के साथ बनाई जाती है।
खरना और सामूहिक आस्था
खरना का प्रसाद तैयार होने के बाद आस-पड़ोस, रिश्तेदारों और परिचितों को प्रसाद ग्रहण करने के लिए बुलाया जाता है। लोग बड़ी श्रद्धा और आदर के साथ इस प्रसाद को ग्रहण करते हैं और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
खरना केवल एक पूजा नहीं है, बल्कि शुद्धता, नियम, श्रद्धा और सामूहिक आस्था का प्रतीक भी है। यही कारण है कि छठ पूजा में खरना का विशेष महत्व माना जाता है।
3. संध्या अर्घ्य
तीसरे दिन अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। व्रती नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में खड़े होकर सूर्य देव की पूजा करते हैं। इस समय का दृश्य अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक होता है।
4. उषा अर्घ्य
चौथे और अंतिम दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रती अपना उपवास समाप्त करते हैं और प्रसाद का वितरण किया जाता है।
छठ पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री
छठ पूजा की सामग्री का विशेष महत्व होता है। प्रमुख सामग्री में शामिल हैं:
बाँस का सूप और दौरा, ठेकुआ, नारियल, केला, सेब और अन्य फल
गन्ना, दीपक, दूध और गंगाजल पूरी पूजा में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
छठ पूजा और बिहार की पहचान
छठ पूजा बिहार की सांस्कृतिक पहचान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। देश और विदेश में रहने वाले बिहारी लोग भी पूरे उत्साह के साथ इस पर्व को मनाते हैं। यह त्योहार लोगों को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ता है।
बिहार और छठ का अटूट संबंध
बिहार, आखिर क्या है? अगर किसी को हमारी संस्कृति, स्वभाव, भाषा और यह जानना हो कि हम किसी का सम्मान कैसे करते हैं, तो उसे एक बार छठ के इस महापर्व में बिहार का दर्शन जरूर करना चाहिए।
बिहारी होने का गर्व
बहुत से लोग बिहार को जाने बिना ही इसके बारे में तरह-तरह की बातें करते हैं। बिहार और बिहार के लोगों के लिए कई बार ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जाता है, मानो बिहारी होना कोई कमी हो। “क्या तुम बिहारी हो?” जैसे शब्द भी कभी-कभी घृणा के भाव से कहे जाते हैं। लेकिन मैं बहुत गर्व के साथ कहता हूँ कि हाँ, मैं बिहारी हूँ। मैं उस बिहार से हूँ जहाँ छठ जैसे महापर्व की सबसे बड़ी लोक आस्था बसती है।
छठ के समय बिहार की अनूठी सुंदरता
बिहार की सुंदरता, इसका अपनापन, इसकी शुद्धता और इसके नियमों को यदि सच में जानना है, तो बिहार के छठ पर्व को जानना होगा। बिहार का हर कोना इस समय सुंदरता और श्रद्धा में लीन रहता है। लोग अपने हाथों में सारी जिम्मेदारियाँ ले लेते हैं। यहाँ न कोई जाति होती है, न कोई भाषा का भेद, न कोई अमीर होता है और न कोई गरीब। सब अपने भेदभाव भूलकर एक ही आस्था में जुड़ जाते हैं।
अगर पटना की सुंदरता का अलौकिक नज़ारा देखना हो और एक स्थान पर शुद्धता तथा स्वच्छता का अद्भुत रूप देखना हो, तो वह बिहार के हर कोने में छठ के समय देखने को मिलेगा। लोग अपने से आगे बढ़कर दूसरों और समाज की सहायता करते हैं, जिसका वर्णन किसी भी रूप में पूरी तरह नहीं किया जा सकता।
यही हमारे बिहार का गौरव है। यही हमारी पहचान है। और हाँ, हम बिहारी हैं।
छठ पूजा भारतीय संस्कृति में आस्था, अनुशासन और प्रकृति प्रेम का अद्भुत उदाहरण है। यह पर्व हमें सूर्य देव के प्रति कृतज्ञ होना, परिवार के साथ जुड़ना और जीवन में सकारात्मकता बनाए रखना सिखाता है। छठ पूजा 2026 केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन और भारतीय लोक संस्कृति का महान प्रतीक है।
आपके क्षेत्र में छठ पूजा किस प्रकार मनाई जाती है? क्या आपके परिवार में भी छठ व्रत की विशेष परंपरा है? अपने अनुभव और विचार हमें कमेंट में अवश्य बताइए।


Chhath puja ka vrat ek kathin vrat hai iske baare me jaankari dena aur hamare bihar jharkhand aur Up ki sanskriti india ke har ek kone me is blog ke dwara ek kabiliyat ki baat hai. Is blog me har ek cheez ko bariki se samjhaya gaya hai