कुछ अनकहे पल, कुछ छूटे हुए रास्ते और साथ होने की एक अधूरी चाहत…
“अगर तुम मेरे साथ होती” केवल कुछ शब्दों का मेल नहीं है, बल्कि जीवन की उन अनकही भावनाओं की अभिव्यक्ति है जिन्हें हर व्यक्ति कभी-न-कभी महसूस करता है। प्यार, विरह और यादों का यह ऐसा उन्माद है, जो हर एक भाव को जीवंत कर देता है।
इस कविता को किसी एक व्यक्ति, संबंध या लिंग की सीमा में बाँधकर नहीं देखा जाना चाहिए। इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि इसे केवल “अगर तुम मेरे साथ होती” तक सीमित कर दिया जाए।
यह हर उस इंसान की कहानी बन जाती है जिसने अपने जीवन में किसी को चाहा हो, किसी को खोया हो या किसी की यादों को अपने भीतर संजोकर रखा हो।
कभी-कभी शब्दों से अधिक उनकी अनुभूति महत्व रखती है। यही कारण है कि यह कविता केवल प्रेम की बात नहीं करती, बल्कि उन अधूरी इच्छाओं, बिछड़ती उम्मीदों और स्मृतियों की भी बात करती है जो जीवन का अभिन्न हिस्सा बन जाती हैं।
आइए, इस कविता के माध्यम से उन भावनाओं को महसूस करने का प्रयास करें जो प्रेम को केवल एक संबंध नहीं, बल्कि एक गहन अनुभूति बनाती हैं।
अगर तुम मेरे साथ होती
अगर तुम मेरे साथ होती,
कितना खुशनुमा मंजर होता!
तुम यादों में बिखरी हो,
किसी वक्त, किसी साहिल पर तुम नहीं हो।
बस यूँ ही भटकते हुए कुछ बिखरे पल हैं,अगर तुम मेरे साथ होती,
मेरी कल्पना की तस्वीर सी होती,
तो यह जीवन कुछ और नहीं चाहता।
हर भाव पूर्ण होते, दमकता हुआ सा यह आँगन होता,
कोई विराम नहीं रोक पाता,
जो हाथों का मिलन और दिल का संगम होता।अगर तुम मेरे साथ होती,
तुम अपना आँचल फैलाए होती,
जन्नत कहीं और नहीं, तेरे-मेरे साथ होती।
अगर तुम मेरे साथ होती,
पर तुम नहीं हो,
कहीं गुम अपने ख्वाब-ख्यालों में,
बस मंजिलें हैं जो मुझे निभानी हैं।
तुम्हारी सोच आखिर कहाँ गुम है?
नहीं मालूम मुझे तेरा रास्ता,
खो जाने का पूर्णविराम और रास्ते बदलने का शूल: दर्द का कोई पैमाना नहीं होता।
यादों का दायरा बहुत बड़ा और गहरा होता है। जब कोई इंसान हमारे साथ होता है, तब जीवन की आपाधापी, उलझनों और रोज़मर्रा की मुश्किलों के बीच हमें उस पल के मोल का अंदाज़ा तक नहीं होता। ऐसा लगता है मानो वे पल मिट से गए हैं, लेकिन अनजाने में ही सही, वे हमारे दिल और दिमाग में एक स्थायी जगह बनाते रहते हैं।
वही यादें, किसी के खो जाने या बिछड़ जाने के बाद, हमारे पूरे जीवन को अपने आगोश में ले लेती हैं। किसी का दुनिया से चले जाना जीवन का एक ऐसा बड़ा पूर्णविराम है, जिसे कभी फिर से पुनर्जीवित नहीं किया जा सकता। उस सूनेपन में बस एक ही बात बार-बार दिल में आती है: अगर तुम मेरे साथ होती..
लेकिन विरह का एक और दायरा भी होता है—जब रास्ते बदल जाते हैं या इंसान राह भटक जाता है। ऐसा दौर भी बहुत से लोगों के जीवन में आया होगा, जहाँ किसी साथी ने अपना रास्ता ही अलग कर लिया हो, तब हर ख़ामोशी बस यही दोहराती है—अगर तुम मेरे साथ होती… । यह पीड़ा, हमेशा के लिए खो देने के दर्द से शायद बड़ी न हो, लेकिन किसी शूल (काँटे) की तरह दिल में लगातार चुभती रहती है।
मैं इन दोनों दुखों का आकलन नहीं कर सकता कि किस पीड़ा को बड़ा और अधिक दुखदायी कहा जाए और किसे कम। हर इंसान की सहनशक्ति की अपनी एक सीमा होती है, और जब दर्द उस सीमा से बाहर हो जाता है, तो हृदय स्तब्ध होकर विराम की ओर जाने लगता है।
कविता का अपना कोई रंग नहीं होता…
यह कविता क्या कहती है, यह इसे पढ़ने वाले के अपने भावों और उसके हृदय की कल्पना पर निर्भर करता है। क्योंकि कविताओं का अपना कोई निश्चित रंग नहीं होता; वे हर उस रंग में ढलने को तैयार रहती हैं, जिसमें पाठक उन्हें महसूस करना चाहे।
यही कविता की सबसे बड़ी ख़ासियत (दायरा) है कि इसकी कोई सीमा नहीं होती। यह सीमाओं से परे जाकर आपके हर दर्द को अपने भीतर समेटने और आपको अपनी बांहों में भरने के लिए सदा तैयार रहती है। इसलिए मैं इसका कोई एक निश्चित ‘मूल भाव’ नहीं लिख सकता।
यह कविता हर बंदिश को तोड़कर एक ऐसा दायरा बनाती है, जिसके भीतर सिर्फ दर्द, प्यार और विरह की अनकही कहानियाँ होती हैं—और वो भी आपकी अपनी जुबानी, जिसमें किसी तरह की बनावट या मिलावट नहीं होती।
यह कविता मन में हमेशा एक ही सवाल उठाए रखती है—अगर तुम मेरे साथ होती , तो…? यह सवाल जीवन के उस हर लम्हे को छूकर गुज़रता है, जिसे आपने कभी जिया है या आज जी रहे हैं। और सच यही है कि इस सवाल का जीवन में कभी कोई पूर्ण विराम नहीं आता।
अंततः, जीवन चाहे कितनी भी व्यस्तताओं से क्यों न घिर जाए, दिल के किसी कोने में एक ऐसा खालीपन हमेशा रह जाता है जहाँ वक्त ठहर जाता है। रास्ते चाहे जितने भी बदल जाएं, पुरानी यादों का कारवां हमारे साथ ही रहता है।
शायद यही जीवन का सबसे बड़ा सच है—जहाँ शब्दों की ज़रूरत खत्म हो जाती है, वहाँ सिर्फ एक ही बात गूँजती है… “ अगर तुम मेरे साथ होती।”
जीवन की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि कुछ प्रश्न कभी अपने उत्तर तक नहीं पहुँचते। “अगर तुम मेरे साथ होती” भी ऐसा ही एक प्रश्न है, जो यादों, प्रेम और विरह के बीच जीवन भर हमारे साथ चलता रहता है।
यह कविता आपको कैसी लगी? क्या आपने भी कभी किसी की याद में ऐसा खालीपन महसूस किया है? अपने विचार और अनुभव कमेंट बॉक्स में अवश्य साझा करें।
अगर आपको ये कविताएं पसंद आई हैं,तो मेरी ई-बुक ‘काव्य तरंग’ की पूरी PDF सिर्फ ₹25 में डाउनलोड करें और दिल को छू लेने वाली कविताओं का आनंद लें!
डाउनलोड लिंक: [ई-बुक ‘काव्य तरंग’ सिर्फ ₹25 में]
👉 यदि आप प्रेम की वास्तविक गहराई को समझना चाहते हैं, तो “निःस्वार्थ प्रेम क्या है?” यह लेख भी ज़रूर पढ़ें।

