टूटी हुई सीढ़ियों के पास बैठा व्यक्ति चमकती मंज़िल की ओर देखता हुआ, गिरकर फिर उठने और सफलता की प्रेरणा का प्रतीक

सफलता और असफलता के मध्य: क्यों “गिरना भी एक शोभा है” | प्रेरणादायक कविता

सफलता और असफलता के बीच छिपे जीवन के गहरे सत्य को जानिए। पढ़ें प्रेरणादायक कविता "गिरना भी एक शोभा है" और समझें कि असफलता भी सफलता की सीढ़ी है।

क्या असफलता योग्यता तय करती है?

क्या सफलता और असफलता ही हमारे जीवन का अंतिम फैसला करती हैं? क्या यही तय करती हैं कि हम जीवन में कितने जिम्मेदार या योग्य हैं?

जब आप सफल होते हैं तो लोग आपकी तारीफ करते हैं, लेकिन जब आप संघर्ष करते हैं तो वही लोग आपके फैसलों पर सवाल उठाने लगते हैं। क्या वास्तव में असफलता इंसान की योग्यता तय करती है?

मेरा मानना है कि जीवन की यात्रा इन दोनों के बिना संभव ही नहीं है। असफलता भी हमारे जीवन में हमारे कर्म और प्रयास को निर्धारित करने में उतनी ही निर्णायक भूमिका निभाती है, जितनी कि सफलता आपकी कामयाबी की निशानी होती है। यदि हम जीवन में गिरना, रुकना और उस स्थिति को समझना नहीं जानते, तो हमें कभी भी ऊँचाई या असली सफलता का अहसास ही नहीं हो सकता।

यदि मैं अपना ही उदाहरण लूँ—अगर इस ब्लॉग के माध्यम से मुझे सफलता मिलती है, तो लोगों की नज़र में मैं एक हुनरमंद इंसान बन जाऊँगा, जिसने ‘सही समय पर सही काम’ किया। लेकिन अगर किसी कारणवश असफलता हाथ लगती है, तो यही समाज ऐसे अनगिनत सवाल खड़े कर देगा जो इंसान के आत्मविश्वास को ही तोड़ देते हैं।

सबसे बड़ा प्रश्न, जो लोग आपके जीवन के ‘भाग्यविधाता’ बनकर पूछते हैं, वह यह है:

“इसे यह काम करना ही नहीं चाहिए था। इसमें सफलता की कोई निश्चितता नहीं है। यह काम ही बेकार है, इससे जीवन नहीं चल सकता। यह सब समय की बर्बादी और निकम्मेपन की निशानी है।”

सफलता और असफलता का वास्तविक अर्थ

आज का समाज, और यहाँ तक कि हम खुद भी, सफलता और असफलता को केवल एक ही नज़रिये से देखते हैं—‘हम कितने कामयाब हैं।‘

आप किस कार्य में निपुण हैं या आपकी उत्कृष्टता किस क्षेत्र में है, इससे न तो समाज को कोई सरोकार है और न ही परिवार को। क्योंकि आज के समय में इन सब बातों का कोई मोल नहीं रह गया है कि आप अपने हुनर में कितने पूर्ण हैं; कड़वा सच तो यह है कि अगर आपके हुनर से आपकी बड़ी कमाई नहीं हो रही है, तो समाज की नज़र में आप जीवन में असफल हैं।

यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा दंश (दर्द) है कि पैसा ही आपकी सफलता की एकमात्र निशानी बनकर रह गया है। अगर आपके पास पैसा नहीं है, तो खाने की रोटी तो दूर, आपका अपना परिचय और आपका हुनर भी आपको कोई पहचान नहीं दिला पाएगा।

कुछ लोग शायद इस सोच से असहमत हों और कहें कि ऐसा नहीं है। चलिए, मैं उनकी बात मान लेता हूँ! यह मेरी व्यक्तिगत राय हो सकती है या हो सकता है कि मैंने अभी पूरी दुनिया न देखी हो; लेकिन जहाँ तक मैंने दुनिया को देखा और समझा है, वहाँ का सच यही है।

जिन लोगों को मेरी यह बात गलत लगती है, मैं यह सवाल उन सभी पर छोड़ता हूँ—

‘क्या आप ऐसे कितने लोगों के घर को चला सकते हैं या चलाने में मदद कर सकते हैं, जो बेहद हुनरमंद होने के बावजूद जीवन की नैया खींचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं?’

वहीं दूसरी ओर, ऐसे भी अनगिनत लोग हैं जो बिना किसी विशेष हुनर के भी केवल पैसों के दम पर अपना जीवन चला रहे हैं।

किसी पर भी प्रश्न खड़ा करने या किसी को असफल ठहराने से पहले, कभी बहुत करीब से इस समाज और अपने आसपास के माहौल को देखने की कोशिश कीजिए। यह देखना और समझना बहुत ज़रूरी है—आखिर सफलता और असफलता की परिभाषा कैसे तय होती है?“

इन्हीं विचारों को मैंने शब्दों में ढालने की कोशिश की है। सफलता और असफलता के इस भंवर से परे, जब हम जीवन और प्रकृति को गहराई से देखते हैं, तो समझ आता है कि हर गिरना एक नया रास्ता खोलता है। जीवन के इसी गूढ़ सच को मैंने अपनी इस कविता में पिरोने का प्रयास किया है:

कविता: गिरना भी एक शोभा है

गिरना भी एक शोभा है!
जलप्रपात न गिरे,
फलदार पेड़ से फल न गिरे,
अबोध बालक चलता न गिरे,
तो गति कहाँ से आएगी?

गिरना भी एक शोभा है!
अस्तित्व यहाँ बढ़ने में,
गिरकर खोता कुछ भी नहीं।

आँखों से आँसू न गिरें,
मुख के अंदर नीर न गिरे,
जब पवन धरा पर न गिरे,
तो सब व्याकुल हो जाएगा।

गिरना भी एक शोभा है!
अविचारित छोड़ दिया गिरना,
अविक्रम की निशानी जानें।
पर; नहीं कोई अमंगल सूचक,
बस पथ अपना हो निरंतर।

गति और सौंदर्य की पहचान

यदि जलप्रपात (झरना) ऊँचाई से न गिरे, तो उसमें वह गति और विशालता नहीं आएगी। यदि पेड़ से पका हुआ फल न गिरे, तो वह दूसरों की तृप्ति का कारण नहीं बन सकता। ठीक इसी तरह, एक छोटा बच्चा जब तक बार-बार गिरता नहीं, तब तक वह चलना और दौड़ना नहीं सीखता। गिरना कोई विफलता नहीं, बल्कि प्रगति की पहली शर्त है।

अस्तित्व का संतुलन और नवीनता

गिरकर कभी कुछ नष्ट नहीं होता, बल्कि नया जीवन जन्म लेता है। यदि आँखों से आँसू न बहें, तो मन का बोझ हल्का नहीं होता; यदि गले से पानी नीचे न उतरे, तो प्यास नहीं बुझती; और यदि हवा धरती की ओर न बहे, तो समस्त सृष्टि व्याकुल हो उठेगी। गिरना वास्तव में जीवन, मन और प्रकृति को स्थिर और संतुलित रखने की एक अत्यंत आवश्यक प्रक्रिया है।

निरंतरता और सकारात्मक दृष्टिकोण

सफलता और असफलता जीवन के केवल दो किनारे हैं, लेकिन असली जीवन तो इनके बीच के बहते प्रवाह में है। समाज भले ही आपके केवल अंतिम परिणाम (सफलता या असफलता) को देखकर आपका आकलन करे, लेकिन सच यही है कि “गिरना भी एक शोभा है”।

गिरना इस बात का प्रमाण है कि आपने प्रयास किया है, आप रुके नहीं हैं। जो चलने का साहस रखता है, वही गिरता है और जो गिरकर पुनः मुस्कुराते हुए खड़ा होता है, वही जीवन के सच्चे सौंदर्य और ऊँचाई को समझ पाता है। इसलिए असफलता से न डरें और न ही अपनों की बातों से निराश हों; अपने मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहें।

“सफलता और असफलता के बीच ‘गिरना‘ कोई अंत नहीं है, बल्कि यह आपके प्रयास का सबसे जीवंत प्रमाण है। गिरना एक सौंदर्य है, जो इंसान को और अधिक परिपक्व, सहिष्णु और मजबूत बनाकर आगे बढ़ाता है।”

इस कविता “गिरना भी एक शोभा है” और सफलता-असफलता के इस दृष्टिकोण पर आपके क्या विचार हैं? नीचे कमेंट बॉक्स (Comment Box) में लिखकर जरूर साझा करें!

अगर आपको ये कविताएं पसंद आई हैं, तो मेरी ई-बुक ‘काव्य तरंग’ की पूरी PDF सिर्फ ₹25 में डाउनलोड करें और दिल को छू लेने वाली कविताओं का आनंद लें!

👇 डाउनलोड लिंक: [ई-बुक ‘काव्य तरंग’ सिर्फ ₹25 में]

जीवन की सही सीख केवल सफलता से नहीं, बल्कि बचपन से मिली उन छोटी-छोटी सीखों से भी बनती है जो हमारे व्यक्तित्व को आकार देती हैं। इस विषय पर मेरा यह लेख भी पढ़ें: बचपन की सीखें जो बदल सकती हैं आपकी जिंदगी (प्रेरणादायक हिंदी कविता और लेख)

1 thought on “सफलता और असफलता के मध्य: क्यों “गिरना भी एक शोभा है” | प्रेरणादायक कविता”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top