गलती क्या है और ‘ग़लत’ शब्द की उत्पत्ति कहाँ से हुई?
गलती क्या है, या गलती किसे कहते हैं? क्या इसे किसी सरल रूप में परिभाषित किया जा सकता है?
बहुत सरल शब्दों में कहें, तो गलती वक्त के उस पल को कहते हैं जो आपके अनुकूल न हो (एक दृष्टिकोण से देखें तो गलती वह स्थिति प्रतीत होती है, जहाँ परिणाम हमारी अपेक्षाओं या परिस्थितियों के अनुकूल नहीं होता)। समय और परिस्थिति के विपरीत होकर किए गए काम को ही हम अक्सर गलती मान लेते हैं।
लेकिन इसके साथ ही हमें यह भी समझना होगा कि ‘गलती’ शब्द की उत्पत्ति कहाँ से हुई है। यह शब्द मूल रूप से अरबी भाषा के ‘ग़लत’ शब्द से आया है, जिसका अर्थ होता है—जो सही न हो या अशुद्ध हो। अरबी और फ़ारसी भाषा-संस्कृति के हमारी भाषा में घुलने-मिलने से यह शब्द ‘ग़लत’ से ‘गलती’ बन गया। आज हमारी आम बोलचाल में इस शब्द का प्रयोग और प्रभाव सबसे अधिक है।
परिस्थिति के विपरीत हुए कार्य को हम गलती तो कह देते हैं, लेकिन क्या इसे सिर्फ एक ही नजरिए से देखना सही है? क्या यह गलती सिर्फ उस एक पल में हुआ कार्य भर है, या अलग-अलग लोगों की नज़र में इसे अलग-अलग तरह से देखा और परिभाषित किया जाता है?
गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं:
“तुलसी काया खेत है, मनसा भयौ किसान।
पाप पुण्य दोउ बीज हैं, बुवै सो लुनै निदान॥”
धार्मिक परंपराओं में माना जाता है कि अपनी भूल स्वीकार करना आत्मशुद्धि और प्रायश्चित की दिशा में पहला कदम है। महाराजा दशरथ से अनजाने में श्रवण कुमार का वध हुआ। उन्होंने अपनी गलती को छुपाया नहीं, बल्कि स्वीकार किया और उसका फल भी भोगा।
“गलती” — शब्द से परे, मन पर हावी एक स्थायी छाया
जीवन की परिस्थितियाँ कितनी भी अनुकूल क्यों न हों, हमारे हर कर्म, हर निर्णय और हर पल के पीछे जो अहसास सबसे पहले दस्तक देता है, वह है—गलत हो जाने का डर।
“क्या मुझसे कोई गलती हो गई?”
“क्या मेरा यह कदम गलत था?”
यह विचार हमारे मन, मस्तिष्क और विवेक की गहराइयों में इस तरह जड़ें जमा चुका है कि यह हमारी सबसे बड़ी उत्कृष्टता और सफलता के उजाले पर भी अपनी नकारात्मक छाया डाल देता है। हर मोड़ पर यह शब्द एक ऐसा प्रश्नचिह्न बनकर खड़ा हो जाता है, जो हमारी वास्तविक समस्याओं से भी अधिक विकराल लगने लगता है।
आज ‘गलती’ केवल भाषा का एक शब्द मात्र नहीं रहा; यह एक ऐसा मानसिक दबाव बन चुका है जो हमारे पूरे अस्तित्व को संचालित कर रहा है।
इसी अदृश्य डर के कारण, इंसान के भीतर यह परखने की क्षमता और साहस धीरे-धीरे क्षीण (कम) होता जा रहा है कि—वास्तव में क्या सही है और क्या गलत। यह शब्द हमारी चेतना पर इस तरह हावी रहता है कि यह हमारे अतीत (भूत), वर्तमान और आने वाले कल (भविष्य)—तीनों ही कालखंडों को शंका और अपराधबोध (Guilt) के घेरे में बाँधकर रख देता है।
क्या गलती को सिर्फ एक नजरिए से देखना सही है? जानिए शास्त्रों की सीख
आज के दौर में हर इंसान अंदर ही अंदर एक अनंत पीड़ा से गुज़र रहा है। समाज के अंतहीन दबाव और आलोचना के डर से वह अपने भीतर की वास्तविक उत्कृष्टता को खोता जा रहा है।
जब भी कोई इंसान कोई बड़ा कार्य करने की दिशा में कदम बढ़ाता है, तो उस काम के पीछे की नीयत और उद्देश्य के बीच सबसे विकराल प्रश्न यही आकर खड़ा हो जाता है—
“लोग क्या कहेंगे? समाज इसे किस नजरिए से देखेगा?”
जब हम समाज की अंतहीन आलोचनाओं और गलती हो जाने के मानसिक डर में उलझ जाते हैं, तब हमारे धर्मशास्त्र हमें इस डर से बाहर निकलने का सही मार्ग दिखाते हैं।
क्रोधाद्भवति सम्मोहः सम्मोहात्स्मृतिविभ्रमः।
स्मृतिभ्रंशाद्बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति॥(श्रीमद्भगवद्गीता – अध्याय 2, श्लोक 63)
क्रोध से सम्मोह (मूढ़ता) उत्पन्न होता है, और सम्मोह से स्मृति भ्रमित हो जाती है। स्मृति भ्रमित होने से बुद्धि का नाश होता है।
कहा जाता है कि एक सिक्के के दो ही पहलू होते हैं, लेकिन हमारा समाज किसी के कर्म में से इतने अनगिनत पहलू और कमियाँ निकाल लेता है जिसकी कोई सीमा ही नहीं है। समाज की इस बाल की खाल निकालने की आदत से कभी-कभी उस कार्य का मुख्य उद्देश्य ही खो जाता है।
गीता गलती को केवल परिणाम के रूप में नहीं देखती, बल्कि उसके कारण (मानसिक स्थिति) पर ध्यान देती है। जब इंसान अज्ञान या भावनाओं के आवेग में होता है, तो गलती स्वाभाविक है; लेकिन जब ज्ञान जागृत होता है, तो सुधार का मार्ग खुलता है।
इस समाज की सबसे बड़ी विडंबना देखिए:
यदि इंसान को अपने प्रयास में सफलता मिल भी जाए, तो एक पल के लिए उसे सही ठहरा दिया जाता है; लेकिन अगले ही पल उस पर एक नया प्रश्न दाग दिया जाता है—“इसे और बेहतर तरीके से किया जा सकता था।”
समाज सफलता पर भी सवाल उठाता है और एक छोटी गलती के पीछे के बड़े उद्देश्य को भूल जाता है”—यह मानव समाज का सबसे बड़ा कड़वा सच है।
समाज की उस मानसिकता पर जहाँ लोग सफलता में भी कमियाँ ढूंढते हैं और छोटी सी गलती को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाते हैं, संत कबीरदास जी ने बहुत गहरा प्रहार किया है:
बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय।
जो दिल खोजा आपना, मुझसे बुरा न कोय॥
दूसरों के कर्मों पर ‘गलत’ का मोहर लगाने वाले समाज का स्वभाव ही कमियाँ ढूंढना है। ज्ञानी वही है जो दूसरों की गलती पर क्षमा और खुद की गलती पर आत्ममंथन का भाव रखे।
इस दुनिया में ‘सर्वश्रेष्ठ’ या ‘उत्कृष्टता’ की कोई एक स्थिर परिभाषा नहीं है, लेकिन ‘गलती’ की परिभाषा तय करने के लिए समाज तुरंत कटघरा तैयार कर लेता है। कोई यह समझने का प्रयास नहीं करता कि वह भूल किस परिस्थिति में हुई, और उस छोटी सी गलती के पीछे कितना बड़ा, महान और उत्कृष्ट उद्देश्य छिपा हुआ था।
गलती जीवन का अंत नहीं, बल्कि सुधार और सीखने की पहली सीढ़ी है। शास्त्रों के अनुसार गलती केवल दोष नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मसुधार का अवसर है। किसी भी भूल को समझने के लिए उसकी नीयत, परिस्थिति और उससे मिलने वाली सीख को देखना आवश्यक है। समाज का काम आलोचना करना हो सकता है, लेकिन ज्ञानी व्यक्ति वही है जो दूसरों की आलोचनाओं से डरने के बजाय अपनी नीयत साफ रखे, अपनी गलती स्वीकार करे और उससे सीख लेकर आगे बढ़े। वास्तव में, जो व्यक्ति अपनी भूल को स्वीकार कर उसे सुधारने का प्रयास करता है, वही प्रगति और आत्मविकास के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
गलती क्या है? इस विषय पर लिखा गया यह लेख आपको कैसा लगा? अपने विचार, सुझाव और प्रतिक्रिया हमें कमेंट बॉक्स में अवश्य बताएं। आपके सुझाव हमें बेहतर लिखने और सार्थक विषयों पर चर्चा करने के लिए प्रेरित करते हैं।
📌 इसे भी ज़रूर पढ़ें: मृत्यु क्या है? जानिए जीवन के सबसे बड़े भय और ब्रह्मांडीय ऊर्जा का रहस्य
डिजिटल रीडर्स के लिए खास: आप हमारी पूरी ई-बुक ‘काव्य तरंगिणी’ मात्र ₹49 में डाउनलोड कर सकते हैं।
ई-बुक अभी डाउनलोड करें यहाँ क्लिक करके ई-बुक खरीदें।


Galti doobara na karna hi galti sudharne ka sabse achha tareeka hai.