Bhakti aur sahi karm par aadharit mandir aur bhakton ki tasveer

अंधविश्वास नहीं, आंतरिक शांति है भक्ति: जानिए 21वीं सदी में भक्ति क्या है

क्या हम सिर्फ प्रथा निभा रहे हैं या सच में ईश्वर से जुड़े हैं? जानिए श्रीमद्भगवद्गीता और उपनिषदों के प्रकाश में भक्ति क्या है और निष्काम प्रेम के सही मायने।

भक्ति क्या है: जो हम जानते हैं और जो सच है

भक्ति क्या है—यह जानने से पहले जानते हैं कि ‘भक्ति’ शब्द कहाँ से आया है। भक्ति’ शब्द संस्कृत की ‘भज्’ धातु से बना है, जिसका अर्थ है—जुड़ना, समर्पित होना या निष्काम प्रेम करना।

क्या हमने कभी ‘भक्ति’ शब्द का अर्थ जानने और समझने की कोशिश की है? अगर नहीं, तो हम कैसे कह सकते हैं कि हम भक्ति कर रहे हैं या किसी की भक्ति में लीन हैं? हम सब तो अभी भक्ति के द्वार तक भी नहीं पहुँचे हैं, फिर भी खुद को भक्ति से जोड़ते हुए यह दावा करते हैं कि भक्ति के बिना हमारा दिन शुरू नहीं होता।

क्या हम भक्ति के ‘निष्काम प्रेम’ को समझते हैं? शायद नहीं! और यह निष्काम प्रेम क्या है, कभी इसके भीतर झाँकने का प्रयास भी नहीं किया है। सुबह-शाम अपने आराध्य को दिया (दीपक) दिखा देना या आप जिस भी प्रकार से पूजा-पाठ करते हैं, केवल उतना कर लेने मात्र से क्या हम अपने भक्ति भाव के कर्तव्य से मुक्त हो गए? क्या यही सच है?

श्रीमद्भगवद्गीता (अध्याय 9, श्लोक 26):
पत्रं पुष्पं फलं तोयं यो मे भक्त्या प्रयच्छति।
तदहं भक्त्युपहृतमश्नामि प्रयतात्मनः ॥


भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं—”जो प्रेम और भक्ति भाव से मुझे एक पत्ता, फूल, फल या जल भी अर्पित करता है, उसे मैं स्वीकार करता हूँ।” ईश्वर को बड़े कर्मकांड या दिखावे की ज़रूरत नहीं है, उन्हें केवल निष्काम प्रेम और निष्छल भाव  चाहिए।

अध्यात्म की दृष्टि से सच्ची भक्ति के तीन मुख्य स्तंभ हैं:

1. निष्काम प्रेम

सच्ची भक्ति में कोई शर्त नहीं होती। जैसे एक माता-पिता अपने बच्चे से बिना किसी बदले की उम्मीद के प्रेम करते है, ठीक वैसे ही ईश्वर या इस प्रकृति से बिना किसी स्वार्थ के प्रेम करना भक्ति है।

2. समर्पण और अहंकार

भक्ति का अर्थ है यह स्वीकार करना कि “मैं सब कुछ नियंत्रित नहीं कर सकता”| जब व्यक्ति अपना अहंकार (Ego) छोड़कर जीवन के हर सुख-दुख को ईश्वर की इच्छा मानकर स्वीकार कर लेता है, तब उसमें वास्तविक भक्ति का जन्म होता है।

3. कण-कण में ईश्वर

केवल पत्थर की मूर्ति के आगे झुकना भक्ति नहीं है। जब आपके भीतर हर इंसान, जीव-जंतु और प्रकृति के प्रति करुणा, दया और आदर का भाव जाग जाए, तो समझिए कि भक्ति आपके भीतर उतर चुकी है।

‘भक्त’ और ‘भगवान’ के बीच का भ्रम: क्या आप सिर्फ़ प्रथा निभा रहे हैं या सच में जुड़े हैं?

अभी हम जिस तरह के भक्त बने हुए हैं, क्या हम भक्ति के रूप में भगवान या अपने इष्टदेव को धोखा दे रहे हैं या अपने आप को? क्या हमारे मस्तिष्क ने कभी इस प्रश्न का सामना किया है? अगर नहीं, तो हम सब एक अँधेरी गुफा में एक ऐसी दिशा की ओर आगे बढ़ रहे हैं, जहाँ न तो हमें अपने इष्ट का साथ मिलेगा और न ही हम अपने ‘अहम्’ (या आत्म-रूप) के सही स्वरूप को देख पाएँगे।

हम सिर्फ़ प्रथा निभा रहे हैं, क्योंकि आज तक जो देखते आए हैं, उसे ही आधार मानकर पूरा कर रहे हैं। लेकिन उसके भीतर से हमने उस आधार को ही निकालकर फेंक दिया है जो उसे जीवंत रखता था। अभी के समय में भक्ति केवल एक प्रथा बनकर रह गई है और हम यह सब भी इसलिए कर रहे हैं ताकि खुद को नास्तिक न दिखाना पड़े। क्योंकि हम इस समाज के प्रति इस बात के लिए उत्तरदायी नहीं होना चाहते कि समाज हमें यह कहे—“यह अंधकार की ओर ले जा रहा है” या “यह भगवान को ही नहीं मानता, तो और किसके प्रति उत्तरदायी होगा?”

इन सब बातों के पीछे हम उस मूल प्रश्न को छोड़कर सिर्फ़ अपनी प्रथा निभाने में लग जाते हैं, न कि सही भक्ति को जानने और समझने में।

तीनों में अंतर और संबंध

शब्दमुख्य केंद्रकार्य का रूप
भक्तिहृदय (Heart)प्रेम, भाव और समर्पण की स्थिति
साधनामन और बुद्धि (Mind)अनुशासन, अभ्यास और आत्म-नियंत्रण
आराधनाशरीर और कर्म (Action)पूजा, अर्चना और श्रद्धा की अभिव्यक्ति

कर्मकांडों के बोझ से मुक्ति और मन की शांति—आज के दौर में भक्ति को नए नज़रिए से समझने की ज़रूरत

मेरा उद्देश्य किसी भी भक्त को ठेस पहुँचाना नहीं है, और न ही मैं किसी की भक्ति पर प्रश्नचिह्न उठा रहा हूँ। आप अपने कर्मों के स्वयं उत्तरदायी हैं, न कि कोई और।

श्रीमद्भगवद्गीता (अध्याय 3, श्लोक 8):
नियतं कुरु कर्म त्वं कर्म ज्यायो ह्यकर्मणः ।
शरीरयात्रापि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मणः ॥


“तुम अपना शास्त्र विहित
कर्तव्य कर्म करो, क्योंकि कर्म न करने की अपेक्षा कर्म करना श्रेष्ठ है।”

क्या आज हम अपने दुष्कर्मों या कमियों को अपनी भक्ति से ढकने की कोशिश कर रहे हैं? क्योंकि हमारे कर्मक्षेत्र से ही हमारी भक्ति और ईश्वर तक पहुँचने का रास्ता निकलता है, लेकिन आज के दौर में हम कर्म और सच्ची भक्ति—दोनों से भाग रहे हैं।

यहाँ प्रश्न यह उठता है कि क्या कोई किसी का घर चला रहा है? अगर नहीं, तो क्या सब अपने कर्म को सही तरीके से कर रहे हैं? क्या दिन-रात काम करना या किसी एक ही स्थान पर ध्यान केंद्रित कर लेना ही हमारा सही कर्म है? हमने घर से निकलकर लगातार किसी न किसी उलझन में उलझे रहने को ही ‘काम’ मान लिया है। इस भागदौड़ में शायद हम भूल गए हैं कि बहुत कुछ पीछे छोड़कर केवल एक उलझन में उलझ जाना ही ‘काम’ नहीं है।

श्रीमद्भगवद्गीता (अध्याय 6, श्लोक 30):
यो मां पश्यति सर्वत्र सर्वं च मयि पश्यति ।
तस्याहं न प्रणश्यामि स च मे न प्रणश्यति ॥


“जो मुझे सब
प्राणियों में देखता है और सब प्राणियों को मुझमें देखता है, उसके लिए मैं कभी अदृश्य नहीं होता।”

कर्म वह है जिससे आपका मूल आधार जुड़ा है। अपने बच्चों, बुज़ुर्गों और इस प्रकृति के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियों से भागकर केवल मंदिर या कर्मकांड में मन की शांति ढूँढना सच्ची भक्ति नहीं है।

यह हम सबको सोचना होगा कि क्या सिर्फ़ ऑफ़िस की उलझन ही कर्म है? वह तो कर्म का केवल एक हिस्सा है। उसी तरह जीवन के और भी कई कर्म हैं जिन्हें हम भूल चुके हैं। उनसे बचने के लिए और मन की शांति की आड़ में हम खुद को एक ऐसी प्रथा में धकेल रहे हैं, जहाँ न तो हम अपने बच्चों के प्रति, न अपने बुज़ुर्गों के प्रति, और न ही इस प्रकृति के प्रति उत्तरदायी हो रहे हैं।

हमें अब बदलना होगा, अन्यथा हम सिर्फ़ एक चलता-फिरता शरीर बनकर रह जाएँगे, जो अपने मन की शांति तलाशते-तलाशते इधर-उधर बिखर जाएगा। आज के दौर में इसे समझने की अत्यंत आवश्यकता है; क्योंकि जिन सब ज़िम्मेदारियों और रिश्तों को छोड़कर हम आगे बढ़ रहे हैं, उन सब में ही ईश्वर का वास है।


ईशावास्योपनिषद् (श्लोक 1):
ईशा वास्यमिदं सर्वं यत्किञ्च जगत्यां जगत् ।
तेन त्यक्तेन भुञ्जीथा मा गृधः कस्यस्विद्धनम् ॥


“इस संसार में जो कुछ भी है,
उस सब में ईश्वर का वास है।”

जब ईश्वर सब में विराजमान हैं, तो हम सिर्फ़ बाह्य कर्मकांडों को ही भक्ति का एकमात्र रास्ता क्यों बना रहे हैं?

क्या हमारा भीड़ का हिस्सा होना ज़रूरी है? हमारे मंदिर और धार्मिक स्थल हमारी नींव की पहचान हैं कि हमारी सच्ची भक्ति की जड़ें कितनी गहरी हैं। ये हमें प्रेरित करते हैं कि रास्ता चाहे कोई भी चुनो, अगर तुम्हारे कर्म सही हैं, तो वे सारे रास्ते मुझ तक ही आते हैं—इसलिए केवल भीड़ का हिस्सा बनना ज़रूरी नहीं है।

आपकी दृष्टि में सच्ची भक्ति क्या है? नीचे कमेंट करके अपनी राय ज़रूर साझा करें।

📌 इन्हें भी ज़रूर पढ़ें:

🚩 माँ योगिनी स्थान पथरगामा: बाराकोप पहाड़ी पर स्थित रहस्यमयी शक्तिपीठ

🛕 महागामा गोड्डा दुर्गा पूजा: आज के दिखावे के युग में भी जीवित है माँ दुर्गा की प्राचीन जाग्रत परंपरा

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top