मर्द को दर्द नहीं होता?" - वैवाहिक जीवन में पुरुषों के अनसुने दर्द की दास्तान

शादी के बाद पुरुषों में मानसिक उत्पीड़न का सच

मानसिक उत्पीड़न एक ऐसी अदृश्य सच्चाई है, जिसे एक पल या किसी एक बात से नहीं समझा जा सकता। शादी […]

मानसिक उत्पीड़न एक ऐसी अदृश्य सच्चाई है, जिसे एक पल या किसी एक बात से नहीं समझा जा सकता। शादी के बाद पुरुषों में मानसिक उत्पीड़न का सच का दर्द वही समझ सकता है जो इससे गुज़र रहा हो/ गुजरा हो, क्योंकि इसका कोई शारीरिक निशान नहीं होता।

मानसिक उत्पीड़न एक धीमा ज़हर है जो इंसान को अंदर से तोड़ देता है। मनोविज्ञान और विकिपीडिया पर मानसिक उत्पीड़न (Psychological abuse) पर मौजूद अध्ययन भी यह स्पष्ट करते हैं कि बिना किसी शारीरिक निशान के भी यह व्यक्ति की आत्मा को छलनी कर सकता है। समाज की बंदिशें और ‘पुरुष कभी रोते नहीं’ जैसी सोच उन्हें अपनी बात कहने भी नहीं देता। नतीजा यह होता है कि इंसान धीरे-धीरे अंदर से खोखला और निर्जीव होने लगता है—वह या तो इस असहनीय दर्द को अपनी नियति मानकर चुप्पी साध लेता है, या फिर अपनी ही ज़िंदगी के अंत का इंतज़ार करने लगता है।

पत्थरों का जीवन क्या,
शिला मौन है हाथों की मजबूरी में।


घिसता है
, सिसकता है,
निर्जीव इंसान भी उसी भाँति पड़ा होता है।

मानसिक उत्पीड़न कहाँ भेद खोलता है,
हृदय के अंदर बना निशान कहाँ कुछ बोलता है।

1. विवाह: जीवन की सबसे बड़ी शक्ति या सबसे गहरा तनाव?

विवाह केवल एक दिन का समारोह या दो लोगों का साथ आना नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के जीवन के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण पड़ाव में से एक है—चाहे वह पुरुष हो या स्त्री।

एक सही और समझदारी पर टिका रिश्ता इंसान के जीवन में ऐसा सकारात्मक बदलाव लाता है, जिसकी कोई सीमा नहीं। जहाँ एक-दूसरे का सम्मान और समझ हो, वहाँ यह बंधन व्यक्ति को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाता है। हर क्षेत्र में कामयाबी के झंडे गाड़ने की ताकत देता है और सबसे बढ़कर, मन को वह अपार शांति प्रदान करता है जिससे जीवन सरल, सुरक्षित और सुखद बन जाता है।

लेकिन ठीक इसके विपरीत, यदि यह रिश्ता समझ और सम्मान खो दे, तो जीवन एक ऐसे मानसिक तनाव और प्रताड़ना के अंधकार में धकेल दिया जाता है जहाँ से निकल पाना बेहद मुश्किल होता है। एक गलत रिश्ता इंसान को उस मोड़ पर ले आता है जहाँ उसे हर दिन घुट-घुटकर और बिना सांस लिए जीने जैसा महसूस होता है।

2. दो परिवारों का मिलन और उम्मीदों का बोझ

विवाह किसी एक व्यक्ति से नहीं होता, न ही यह एकतरफा रिश्ता है। यह दो परिवारों का संवाद, विचारों का आदान-प्रदान और दो अलग-अलग जीवन-शैली का मिलन है।

जब एक लड़की विवाह करके किसी घर में आती है, तो वह केवल ‘पत्नी’ के रूप में नहीं आती। उसके साथ कई ऐसे अनदेखे रिश्ते और जिम्मेदारियां जुड़ जाती हैं जो वक्त के साथ गहरी होती जाती हैं। परिवार उस नई बहु में अपने घर का भविष्य देखता है—एक ऐसी पतवार, जो जीवन रूपी नैया को समझदारी से खेकर सुख और संतुलन की ओर ले जाएगी।

बेशक, यह उम्मीद करना व्यावहारिक नहीं है कि सब कुछ पहली ही घड़ी से पूरी तरह संतुलित होगा। गलतफहमियां या कमियां दोनों तरफ से हो सकती हैं।

अक्सर शुरुआती दिनों में ही कुछ बातें चुभने लगती हैं, लेकिन परिवार और पति उन्हें यह सोचकर नजरअंदाज कर देते हैं कि वह एक नए माहौल से आई है। उसे अकेलापन लग रहा होगा या शायद इस घर की परंपराओं और तौर-तरीकों को समझने में वक्त लगेगा। परिवार उसे प्यार से समझाता भी है कि हर घर के जीने का अपना जरिया और तरीका होता है, और धीरे-धीरे ही सही, तालमेल बैठाने की कोशिश किया जाता है।

3. “मर्दों को दर्द नहीं होता”: एक कहावत या एक टूटे हुए दिल की चीख?

हमारे समाज में एक बहुत पुरानी कहावत दोहराई जाती है“मर्द को दर्द नहीं होता। लेकिन क्या सच में मर्दों को दर्द नहीं होता? क्या कभी किसी ने इस बात पर गंभीरता से गौर करने की कोशिश की है?

यह कहावत किसने और किस परिस्थिति में कही, यह तो कोई नहीं जानता। लेकिन अगर गहराई से सोचा जाए, तो जिस इंसान ने पहली बार यह कहा होगा, वह दर्द की आखिरी सीमाओं को पार कर चुका होगा। शायद वह एक ऐसे मुकाम पर खड़ा रहा होगा जहाँ उसके अपने दर्द से सब वाकिफ तो थे, लेकिन किसी ने उसका साथ नहीं दिया। जब इंसान की हर उम्मीद टूट जाती है, जब कोई उसकी तकलीफ को नहीं सुनता, तब शायद अपने टूटते हुए दिल को दिलासा देने और जीने के लिए उसने खुद से यह झूठ कहा होगा कि“मर्द को दर्द नहीं होता।”

सच तो यह है कि पुरुष को भी दर्द होता है, और बहुत गहरा होता है। आखिर उसकी संरचना भी उसी हाड़-मांस और भावनाओं से हुई है जिससे दूसरों की हुई है।

लेकिन विडंबना देखिए, रिश्तों के इस चक्रव्यूह में शिकायत हमेशा यही रहती है कि “तुम मेरा दर्द नहीं समझते।”

  • अगर आप उनसे बात न करें, तो उन्हें दर्द है।
  • अगर आप बात करें, तो भी दर्द है।
  • अगर आप एकांत में रहें, तो समस्या है।
  • अगर आप साथ रहें, तो भी तकलीफ है।

जीवन का कोई ऐसा पल नहीं बचता जहाँ सामने वाले को शिकायत या दर्द न हो। लेकिन यहाँ एक बुनियादी और सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है: क्या हम सच में उनका दर्द नहीं समझते, या हमारी हर कोशिश के बावजूद हमें ही हमेशा गलत ठहराया जाता है?

जब एक पुरुष अपनी पूरी सच्चाई सामने रखता है, हर परिस्थिति को सुलझाने की कोशिश करता है, तब भी अंत में उसे क्या मिलता है? वही पुराने ताने, वही मानसिक उत्पीड़न, और वही दर्द।

एक छोटा लेकिन सबसे गहरा प्रश्न: क्या एक ही बात को बार-बार, हर समय दोहराते रहने से सामने वाले को कोई तकलीफ नहीं होती? क्या पुरानी कड़वी बातों, तानों और आरोपों की अंतहीन री-प्ले से डर, घबराहट और मानसिक प्रताड़ना महसूस नहीं होती?

4. क्या पुरुष महिलाओं को नहीं समझते? समाज का दोहरा मानदंड और शादी के बाद का कड़वा सच

अक्सर पुरुषों पर यह सबसे बड़ा आरोप लगाया जाता है“तुम महिलाओं को नहीं समझते!”

लेकिन कभी इस बात पर ठंडे दिमाग से विचार किया गया है कि यह आरोप कितना तर्कसंगत है? क्या पुरुष किसी दूसरी दुनिया से अवतरित हुए हैं? क्या वे इस समाज में नहीं रहते?

विवाह से पहले भी एक पुरुष के जीवन में माँ, बहन, बेटी जैसे अनगिनत रिश्ते होते हैं। उसने उन रिश्तों में भी प्यार, त्याग, दर्द और जिम्मेदारियों को देखा और महसूस किया होता है। क्या विवाह से पहले वे महिला रिश्ते दर्द महसूस नहीं करती थीं? क्या वे निर्जीव थीं?

अगर एक पुरुष विवाह से पहले अपने परिवार को संभाल रहा था, अपनी कमाई से घर में बरकत और खुशहाली ला रहा था, अपनी जिम्मेदारियां निष्ठा से निभा रहा था—तो फिर विवाह के तुरंत बाद वही पुरुष अचानक “गैर-जिम्मेदार”, “असंवेदनशील” और “अत्याचारी” कैसे बन जाता है?

कहावत का डर और शादी के बाद बदलती वास्तविकता

समाज में एक पुरानी कहावत बहुत हल्के में कह दी जाती है“जितना हंसना है हंस लो, शादी के बाद यह हंसी नहीं दिखेगी।”

यह कहावत सिर्फ एक मजाक नहीं, बल्कि उस कड़वी हकीकत का डर है जिससे हर पुरुष गुजरता है। शादी के बाद अचानक जीवन शांति से हटकर समस्याओं का ऐसा बवंडर क्यों बन जाता है जहाँ कदम-कदम पर ताने और आरोप होते हैं?

शास्त्रों की ‘आदर्श नारी’ बनाम आज की ज़मीनी हकीकत

शास्त्रों में कुल-धर्म पत्नी के गुणों का वर्णन करते हुए लिखा गया है:

कार्येषु दासी, करणेषु मन्त्री, भोज्येषु माता, शयनेषु रम्भा।
रूपेषु लक्ष्मी, क्षमया धरित्री, षट्-धर्मा युक्ता, कुल-धर्म पत्नी॥

(अर्थात: काम में दासी की तरह समर्पित, सलाह में मंत्री जैसी बुद्धिमान, भोजन कराने में माँ जैसा प्रेम देने वाली, और धैर्य में पृथ्वी जैसी सहनशील।) शास्त्रों में परस्पर सहयोग और सम्मान की बात कही गई है, लेकिन आज के दौर में यह संतुलन बिगड़ता जा रहा है।

लेकिन आज के दौर में जब यह अपेक्षाएं बदलती हैं, तो इन सद्गुणों की जगह कुछ ऐसे तीखे शब्द और ताने ले लेते हैं जो पुरुष के मानसिक स्वास्थ्य को छिन्न-भिन्न कर देते हैं:

  • तुम तो मम्माज़ बॉय‘ (Mama’s Boy) हो, हर बात माँ से ही क्यों पूछते हो?”
  • जब माँ-बाप को ही देखना था, तो मुझसे शादी क्यों की?”
  • इस घर में मेरी कोई इज़्ज़त ही नहीं है।”
  • शादी करके लाए हो, तो सब पर पहला अधिकार मेरा है। क्या मैं इनकी नौकर हूँ?”

सबसे बड़ी लाचारी यह है कि इन बातों का न तो कोई जवाब काम आता है और न ही खामोशी।

  • अगर जवाब दो— तो बदतमीज़ी और अत्याचार का आरोप।
  • अगर चुप रहो— तो अनदेखी और घमंड का ताना।
  • अगर अकेले रहो— तो दूरी बनाने का इल्जाम।

कानून, घर की अन्य महिलाएं और समाज का सबसे बड़ा विरोधाभास (The Great Contradiction)

जब कानून और समाज की बात आती है, तो ऐसा दिखाया जाता है जैसे घर में प्रताड़ित होने वाली केवल वही एक महिला है जो शादी करके आई है। लेकिन उसी घर में रहने वाली बुजुर्ग माँ, बहनें या अन्य महिलाएं—क्या उनकी कोई भावनाएं या अधिकार नहीं हैं? क्या वे कानून और सुरक्षा के दायरे से बाहर हैं? वे तो बिना किसी कानूनी सुरक्षा के भी घर में शांति और संस्कार बनाए रखती हैं।

और सबसे बड़ा विरोधाभास तो तब सामने आता है जब किरदार (Roles) बदलते हैं: जो महिला अपने ससुराल में खुद को पीड़ित और अपनी सास-ननद को ‘संस्कारहीन’ या ‘अत्याचारी’ साबित करती है, जब वही महिला अपने मायके पहुँचती है, तो उसे अपनी भाभी में वही सारे दोष दिखने लगते हैं!

यानी जो बातें उसे अपने ससुराल में गलत लगती थीं, वही बातें मायके जाकर अपनी भाभी के खिलाफ सही लगने लगती हैं। यह दोहरा रवैया यह साबित करता है कि समस्या हमेशा पुरुष की “समझ” में नहीं, बल्कि सोच और नीयत के संतुलन में होती है।

5. ज़िद, स्वार्थ और कानून का डर: जब प्रताड़ना का दायरा बच्चों और बुजुर्गों तक पहुँच जाए

मानसिक उत्पीड़न (Mental Harassment) केवल पति तक सीमित नहीं रहता। जब रिश्तों में अहंकार, अत्यधिक स्वार्थ और संवेदनहीनता आ जाती है, तो इसका सबसे गहरा और बुरा असर घर के सबसे कमज़ोर सदस्यों—मासूम बच्चों और बुजुर्ग माँ-बाप पर पड़ता है।

1. ममता बनाम मालिकाना हक (Maternal Authority vs. Child Welfare)

समाज में माँ के स्थान को सर्वोच्च माना गया है, क्योंकि वह बच्चे को 9 महीने कोख में धारण करती है। लेकिन कई मामलों में इस पवित्र भावना का इस्तेमाल एक गलत तर्क के रूप में किया जाने लगता है:

जब इस सोच के तहत बच्चों को अपनी ज़िद और गुस्से का शिकार बनाया जाता है, उन्हें छोटी-छोटी बातों पर मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है, तो यह ममता नहीं बल्कि व्यवहारिक विकृति (Behavioural Issue) बन जाती है। ऐसे माहौल में रहने वाले मासूम बच्चे प्यार और खौफ का अंतर समझने लगते हैं। जब दादा-दादी या पिता बच्चों को संभालने की कोशिश करते हैं, तो उन पर भी “बच्चों को भड़काने” का आरोप लगा दिया जाता है, जबकि सच यह होता है कि बच्चा केवल असुरक्षा और डर के कारण दूरी बनाने लगता है।

2. बुजुर्गों का अनादर और घरेलू तनाव (Elderly Abuse & Neglect)

वैवाहिक विवादों का सबसे दुखद पहलू यह होता है कि इसमें उन बुजुर्ग माँ-बाप को भी घसीट लिया जाता है जिनका उस विवाद से कोई सीधा लेना-देना नहीं होता।

  • असमय भोजन और ताने: उम्र के इस पड़ाव पर, जहाँ बुजुर्गों को शांति और सेवा मिलनी चाहिए, उन्हें बात-बात पर बददुआएँ, गालियाँ और समय पर खाना न मिलने जैसी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है।
  • अप्रत्यक्ष रिश्तों पर निशाना: परिवार के अन्य सदस्य (जैसे दूर रहने वाले भाई-बहन या ननद) जो रोज़मर्रा के मामलों से अलग हैं, उन्हें भी लगातार कोसना और तानों का शिकार बनाना एक तरह की ‘पैसिव अग्रेशन’ (Passive Aggression) है, जो घर के पूरे माहौल को विषाक्त (toxic) बना देती है।

3. कानून का एकतरफा डर और पुरुष का धर्मसंकट

आज के समय में पुरुषों के लिए सबसे बड़ा धर्मसंकट  कानूनी और सामाजिक असंतुलन  बनता है।

कानूनी सुरक्षा का ढांचा अक्सर यह मानकर चलता है कि प्रताड़ित केवल शादी करके आई महिला ही हो सकती है। इस एकतरफा व्यवस्था का डर दिखाकर जब झूठे केस-कचहरी की धमकियाँ दी जाती हैं, तो एक पुरुष दोहरे दबाव में पिसता है:

  • क्या वह कानूनी उलझनों में पड़कर अपने बच्चों का भविष्य और बुजुर्गों का बचा-खुचा सुकून दांव पर लगा दे?
  • या फिर समाज के डर और बच्चों की खातिर चुपचाप इस मानसिक उत्पीड़न को सहता रहे?

6. मानसिक प्रताड़ना का कोई ‘सबूत’ नहीं होता: समाज का मज़ा और पुरुष का दर्द

मानसिक प्रताड़ना का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि इसका कोई प्रत्यक्ष सबूत (Direct Evidence) नहीं होता।

  • रोज़-रोज़ की चिक-चिक, घर का तनावपूर्ण माहौल, बुजुर्गों का अपमान और बच्चों के सामने लगातार होने वाला ड्रामा—इन चीज़ों की कोई रसीद या रिपोर्ट नहीं बनती।

एक पुरुष के सामने सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि क्या वह दिन-रात सबूत और रिकॉर्डिंग ही इकट्ठा करता रहे, या फिर अपने बच्चों के भविष्य, उनके पालन-पोषण और घर के बुजुर्गों को संभालने पर ध्यान दे?

1. समाज का रवैया: ‘मसाला’ बनाम ‘दर्द’

आज के समाज की एक कड़वी सच्चाई यह भी है कि लोगों को किसी के घर के दर्द से सहानुभूति कम और मसाले में मज़ा ज़्यादा आता है।

  • जब कोई महिला आरोप लगाती है, तो समाज बिना किसी गहराई में गए तुरंत उसे सही मान लेता है और बात को हवा देने लगता है।
  • लेकिन जब वही बात कोई पुरुष कहता है, तो उसे मर्दाना अहंकार” (Male Ego) का नाम दे दिया जाता है।

क्या अहंकार और ज़िद सिर्फ पुरुष में ही होती है? अगर महिलाओं में गलत सोच, स्वार्थ या अहंकार नहीं होता, तो हँसते-खेलते घर इस तरह बर्बादी की कगार पर क्यों पहुँचते?

2. कानून की बाज़ीगरी बनाम बच्चों का भविष्य

आज हर कानून और व्यवस्था का झुकाव केवल एक तरफ दिखाई देता है। ऐसे में एक आम पुरुष यही सोचकर रुक जाता है कि वह “कानून-कानून का खेल” खेलने में अपनी ऊर्जा और पैसा बर्बाद क्यों करे?

उसके लिए अदालत के चक्कर काटने से कहीं ज़्यादा ज़रूरी अपने बच्चों के साथ ज़िंदा रहना, उनका पेट पालना और उनके भविष्य को बर्बादी से बचाना होता है। इस चक्कर में वह चुपचाप हर इल्ज़ाम और मानसिक उत्पीड़न को अपने सीने में दफ़न कर लेता है।

7. निष्कर्ष: समाधान और आगे का रास्ता (Conclusion & Way Forward)

वैवाहिक जीवन में मानसिक प्रताड़ना कोई मामूली बात नहीं है। यह एक ऐसा ‘साइलेंट किलर’ है जो इंसान के आत्मविश्वास, मानसिक स्वास्थ्य और पूरे परिवार के भविष्य को धीरे-धीरे खत्म कर देता है। इस चक्रव्यूह से निकलने के लिए समाज, कानून और खुद व्यक्ति को कुछ कड़े कदम उठाने की ज़रूरत है:

  1. पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य पर बात हो: समाज को यह स्वीकार करना होगा कि पुरुष भी प्रताड़ित हो सकते हैं। “मर्द को दर्द नहीं होता” जैसी रूढ़िवादी सोच को छोड़कर पुरुषों को भी अपनी बात रखने का सुरक्षित मंच मिलना चाहिए।
  2. कानून का निष्पक्ष उपयोग: वैवाहिक कानूनों का उद्देश्य सुरक्षा होना चाहिए, हथियार नहीं। बच्चों और बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी कड़े और निष्पक्ष प्रावधान होने चाहिए।
  3. सीमाएं तय करें (Set Firm Boundaries): यदि संवाद और काउंसलिंग के सारे रास्ते बंद हो जाएँ, तो केवल “समाज क्या कहेगा” के डर से अपनी और बच्चों की ज़िंदगी नरक बनाना समझदारी नहीं है। कानूनी और मनोवैज्ञानिक सलाह लेकर सही समय पर कड़ा फैसला लेना ही समाधान हो सकता है।
  4. साक्ष्य और रिकॉर्ड (Documentation): मानसिक उत्पीड़न या झूठी धमकियों के मामलों में शांति से काम लेते हुए बातचीत और घटनाओं का रिकॉर्ड रखना भविष्य की सुरक्षा के लिए बेहद ज़रूरी है।

अस्वीकरण (Disclaimer):

यह लेख पूरी तरह से सामाजिक जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य पर खुले संवाद के उद्देश्य से लिखी गई है। लेखक का उद्देश्य किसी भी व्यक्ति, वर्ग, लिंग (Gender), या समाज को दोषी ठहराना या किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाना बिल्कुल नहीं है। इस लेख का मुख्य उद्देश्य केवल उन अनसुने मुद्दों और मानसिक तनावों को उजागर करना है, जिन पर आमतौर पर समाज में बात नहीं होती। यदि आप या आपका कोई परिचित किसी गंभीर मानसिक, पारिवारिक या कानूनी संकट से गुजर रहा है, तो कृपया किसी विशेषज्ञ (मानसिक स्वास्थ्य सलाहकार / कानूनी विशेषज्ञ) की सलाह अवश्य लें।

3 thoughts on “शादी के बाद पुरुषों में मानसिक उत्पीड़न का सच”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top