शिक्षक(Teacher’s): ज्ञान का आकाश-दीप”—यह शब्द ही शिक्षक के अद्भुत, निश्चल और निःस्वार्थ भाव की ऐसी परिभाषा है, जिसे यदि सही दिशा में समझा और अपनाया जाए, तो एक ऐसी यथार्थ प्रकृति की रचना हो सकती है जो अकल्पनीय होगी।
श्रीमद्भागवत गीता के अध्याय 18, श्लोक 63 (स्वतंत्रता देने वाला / निर्णय न थोपने वाला)
इति ते ज्ञानमाख्यातं गुह्याद्गुह्यतरं मया।
विमृश्यैतदशेषेण यथेच्छसि तथा कुरु॥
अर्थ: गीता में श्रीकृष्ण कहते हैं कि इस प्रकार मैंने तुम्हें गोपनीय से भी अति गोपनीय ज्ञान कह दिया है। अब तुम इस पर पूरी तरह से विचार करो, और जैसी तुम्हारी इच्छा हो, वैसा ही करो।
आज मेरा उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था की कमियों या खूबियों पर चर्चा करना नहीं है। आज इन बातों से परे, मेरा ध्यान केवल उस बिंदु पर केंद्रित है जो अपने आप में एक शब्द भी है, एक संपूर्ण संस्कृति भी, और जीवन का संपूर्ण दर्शन भी—और वह शब्द है, ‘शिक्षक’(Teacher’s)।
शिक्षक दिवस कविता: ज्ञान की गंगा
ज्ञान की गंगा,
अद्भुत, निश्चल और निःस्वार्थ,
अर्पित कर दे जो जीवन का यथार्थ।खोजता है जो उस रोशनी को,
आकाश-दीप सा जलता हुआ,
कण-कण की परिभाषा लिए,
किसी स्वप्न से भी अद्भुत रूप लिए।मार्ग को जो गति देता है,
शिक्षा की ज्वाला में प्रज्वलित होकर,
शिक्षक ही वह स्तम्भ है!
क्या सिर्फ़ स्कूल टीचर ही गुरु हैं?
शिक्षक’ शब्द केवल उस व्यक्ति को नहीं दर्शाता जो विद्यालय में बैठकर हमें ज्ञान दे रहा है, बल्कि इसका दायरा जीवन के हर उस मार्गदर्शन से जुड़ा है जो हमें इंसान बनाता है। शिक्षक ज्ञान की बहती गंगा के समान हैं, जो पूरी तरह निश्चल और निस्वार्थ होकर छात्र के जीवन को सार्थक बनाते हैं। वे अपने पूरे जीवन का सच (यथार्थ) ज्ञान बांटने में समर्पित कर देते हैं।
यदि व्यवस्था की रूपरेखा अच्छी हो, तो एक सभ्य समाज की रचना संभव है। लेकिन यदि उसका व्यवस्थापक सही न हो, तो किसी भी सुंदर रचना की कल्पना करना कठिन हो जाता है। और इन सबसे बढ़कर, यदि इस निर्माण की नींव में बैठा संचालक ही सही न हो, तो वह व्यवस्था कभी एक जीवंत प्रकृति का रूप नहीं ले सकती। शिक्षक को इसी प्रकृति का निर्माता कहा जाता है।
शिक्षक एक आकाश-दीप (अंधेरे में दिशा दिखाने वाला दीया) की तरह खुद जलकर दूसरों को रोशनी देते हैं। वे हर छोटे से छोटे कण और विचार को परिभाषा देते हैं। उनका यह रूप किसी भी भौतिक सुंदर सपने से कहीं अधिक अद्भुत और सुंदर है।
शिक्षक ज्ञान और शिक्षा की पवित्र अग्नि में तपकर छात्र के जीवन की राह को गति देते हैं। ऐसे समर्पित शिक्षक ही सही मायने में समाज और देश के असली स्तम्भ (खंभे) हैं।
श्रीमद्भागवत गीता के अध्याय 4, श्लोक 34
तद्विद्धि प्रणिपातेन परिप्रश्नेन सेवया।
उपदेक्ष्यन्ति ते ज्ञानं ज्ञानिनस्तत्वदर्शिन:॥
गीता में श्रीकृष्ण कहते हैं कि सच्चा ज्ञान प्राप्त करने के लिए तीन बातें आवश्यक हैं:
- प्रणिपात (समर्पण और विनम्रता): गुरु के प्रति सम्मान और नम्रता का भाव रखना।
- परिप्रश्न (सार्थक प्रश्न): बिना किसी अहंकार के, जिज्ञासावश सही प्रश्न पूछना।
- सेवा: निष्काम भाव से गुरु की सेवा करना। जो गुरु ‘तत्वदर्शी’ (सत्य को जानने वाले) हैं, वे ही ऐसा ज्ञान दे सकते हैं।
जीवन के हर पल और हर पड़ाव पर हमें कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। ज्ञान ही हमारे जीवन की असली नींव है। जिस क्षण हम सीखने का त्याग कर देते हैं, उसी क्षण से हम एक निर्जीव वस्तु के समान हो जाते हैं।
यहाँ ‘जानवर’ शब्द का प्रयोग करना सही नहीं होगा, क्योंकि जानवर भी हर पल सीखते हैं और उसी सीख के बल पर अपना जीवन जीते हैं। उनके भीतर भी हमारी ही तरह एक शिक्षक और एक विद्यार्थी दोनों मौजूद होते हैं; उनके बच्चे भी जीवन जीने का वही ज्ञान सीखते हैं जो हम सीखते हैं। वास्तव में, जो भी जीवित और जीवंत है, उसके जीवन का आधार ही ज्ञान है—चाहे वह सृष्टि का कोई भी प्राणी क्यों न हो।
असली शिक्षक: जो Google और AI नहीं सिखा सकता
विद्यालयों में हम जो ज्ञान प्राप्त करते हैं, वह हमारे जीवन की संरचना को मजबूत बनाता है। लेकिन हर पल जिस अज्ञात शिक्षक (अनुभवों) से हमें ज्ञान मिलता है, वह हमें जीवन जीने का सही तरीका सिखाता है और समाज को स्थायित्व प्रदान करता है। इसलिए, हमें उन अनगिनत अप्रत्यक्ष शिक्षकों के प्रति हमेशा आभार और सम्मान का भाव रखना चाहिए, जो निरंतर हमारे जीवन की नींव को सशक्त बना रहे हैं।
श्रीमद्भागवत गीता के अध्याय 5, श्लोक 18 (अहंकार रहित और समदर्शी)
विद्याविनयसम्पन्ने ब्राह्मणे गवि हस्तिनि।
शुनि चैव श्वपाके च पण्डिताः समदर्शिनः॥
- अर्थ: गीता में श्रीकृष्ण कहते हैं कि ज्ञानी महापुरुष (सच्चे गुरु) विद्या और विनय से युक्त ब्राह्मण में, गाय में, हाथी में, कुत्ते में और चांडाल में—सब में एक समान परमात्मा को देखने वाले (समदर्शी) होते हैं।
शिक्षक दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन सभी मार्गदर्शकों को नमन करने का दिन है जिन्होंने हमें जीवन जीना सिखाया। चाहे वह स्कूल के शिक्षक हों, जीवन की परिस्थितियां हों या कोई ऐसा व्यक्ति जिसने सही राह दिखाई—वे सभी हमारे जीवन के असली स्तम्भ हैं।
जीवन में हमारी असफलताएँ, परिस्थितियाँ, और यहाँ तक कि इंटरनेट पर मिला कोई सही मार्गदर्शन भी हमारा शिक्षक हो सकता है। आइए, इस शिक्षक दिवस पर अपने गुरुओं का आभार व्यक्त करें और उनके दिए ज्ञान के दीप को हमेशा प्रज्वलित रखें।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का इतिहास
हम हर साल 5 सितंबर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को ‘शिक्षक दिवस’ (Teacher’s Day) के रूप में मनाते हैं। जब उनके छात्रों ने उनका जन्मदिन मनाना चाहा, तो उन्होंने नम्रता से कहा था— “मेरा जन्मदिन अलग से मनाने के बजाय अगर इसे शिक्षकों के सम्मान में मनाया जाए, तो मुझे सबसे ज्यादा गर्व होगा।” उनके इसी विचार ने इस दिन को हर गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व बना दिया।
क्या आप कविता और जीवन के यथार्थ को और गहराई से महसूस करना चाहते हैं? मेरी पुस्तक ‘यथार्थ’ में ऐसी ही दिल को छू लेने वाली रचनाओं का संग्रह है।
📖 अपनी प्रति आज ही मँगवाएँ:🛒 यहाँ क्लिक करके अपनी प्रति ऑर्डर करें
📱 डिजिटल रीडर्स के लिए खास: आप हमारी पूरी ई-बुक ‘काव्य तरंगिणी’ मात्र ₹49 में डाउनलोड कर सकते हैं।
📥 ई-बुक अभी डाउनलोड करें यहाँ क्लिक करके ई-बुक खरीदें।”
💬 आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है: आपको शिक्षक दिवस पर यह विचार और कविता कैसी लगी? नीचे कमेंट बॉक्स में अपने विचार और अपने पसंदीदा शिक्षक के नाम संदेश ज़रूर शेयर करें!


❤️heartouching
Har kisi ke jeevan mein hamesha ek guru ya margdarshak ki zaroorat hoti hai.
jeven gyan ke bina adhura hai.
केवल अक्षर नहीं, शिक्षक हमारा जीवन भी संवारते हैं।