डाकिये की चिट्ठी से स्मार्टफोन तक: बदलता समय और रिश्ते पर कविता

डाकिये की चिट्ठी से स्मार्टफोन तक: बदलता समय

डाकिये की चिट्ठी से स्मार्टफोन तक के इस सफर में बदलता समय और रिश्तों का अहसास | जानिए कैसे बदल गई रिश्तों की डोर और संवाद का तरीका |

एक दौर था जब साइकिल की घंटी की एक आवाज़ पूरे घर में उम्मीद और ख़ुशी की लहर दौड़ा देती थी। डाकिये का आना और यह पूछना कि किस-किस के नाम का संदेश आया है?” अपने आप में एक उत्सव जैसा होता था। ख़त के पन्नों में अपनों की महक और शब्दों में गहरा अहसास होता था—और उस इंतज़ार में भी एक अजीब सा मीठा सुकून था।

फिर वक़्त ने करवट ली। तकनीक ने तरक्की की और चिट्ठियों की जगह फ़ोन की घंटी ने ले ली। शुरू में लगा कि फासले सिमट गए हैं, लेकिन आज जब हमारे हाथों में हर पल स्मार्टफोन रहता है, तब भी दिल के किसी कोने में एक अजीब सी तन्हाई है।

समय के इसी बदलाव, यादों के सफर और आज के डिजिटल अकेलेपन को बयां करती मेरी यह कविता:

कविता: वक़्त की करवट

आँखों में इंतज़ार उस पल का,
बनते-मिटते ख़्वाबों का।

वह साइकिल की घंटी, डाकिये का आना,
कोई है घर में? चिट्ठी आई है!”

दिल की उस ख़ुशी का मंज़र, आज भी याद है।
हर किसी के मन में बस यही चाहत,
बताओ, किस-किस के नाम का संदेश आया है?”

फिर वक़्त ने करवट ली, डाकिये की जगह फ़ोन ने ली,
हर बार चौंककर फ़ोन को देखना—

अरे! यह अब तक क्यों नहीं गुनगुनाया?”
ज़रा सी आहट पर भागकर फ़ोन उठाना,
स्क्रीन पर अपनों का नाम ढूँढना।

फिर समय की ऐसी करवट आई,
हाथों में मोबाइल, पर दिल में तन्हाई।


न कोई सुकून, न आँखों में नींद,
बस कटते हैं दिन-रात, अपनों के ख़यालों में।

1. तकनीक बढ़ी, पर दिलों की दूरी क्यों?

आज हम पलक झपकते ही दुनिया के किसी भी कोने में मैसेज भेज सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या हम सच में एक-दूसरे से जुड़ पा रहे हैं?

तकनीक ने भौतिक दूरियाँ तो खत्म कर दीं, लेकिन शायद दिलों के बीच एक अनकहा फ़ासला बढ़ा दिया। उस दौर के इंतज़ार में एक सब्र और ठहराव था, जबकि आज की इस तेज़ी में सिर्फ़ एक बेचैनी और अधूरापन रह गया है। सच तो यह है कि नोटिफिकेशन की दुनिया में हमने अपनों से बातें करने का वो असली सुकून कहीं खो दिया है।

प्रगति हमारे उत्थान की नींव है, इसे बदलना नहीं—बल्कि हमें निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहना चाहिए। लेकिन सवाल यह है कि क्या हम इस प्रगति का सही उपयोग कर पा रहे हैं?

श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 2, श्लोक 66 में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं:

नास्ति बुद्धिरयुक्तस्य न चायुक्तस्य भावना।
न चाभावयतः शांतिरशांतस्य कुतः सुखम्॥

जिसके मन और इंद्रियों पर नियंत्रण नहीं है, उसे न तो शांति मिल सकती है और न ही सुकून। और जो शांत नहीं है, उसे सुख कहाँ?

गीता  समत्वम् (धैर्य और मानसिक संतुलन) की शिक्षा देती है। अति-इच्छा (तुरंत जवाब पाने की चाहत) मनुष्य को काम और क्रोध (अधीरता) की ओर ले जाती है। जब हम हर चीज़ में “इंस्टेंट” परिणाम चाहते हैं, तो मन का संतुलन बिगड़ जाता है।

क्या विकास के नाम पर अपने बुनियादी ढांचों और मूल्यों को ध्वस्त कर देना सही है? यदि हम यह मान भी लें कि आगे बढ़ने के लिए पुरानी रुकावटों को हटाना और बदलाव लाना ज़रूरी है, तो भी हमें सोचना होगा—क्या यह बदलाव हमारी अपनी ही नींव को खतरे में तो नहीं डाल रहा?

कहीं ऐसा तो नहीं कि तरक्की की इस अंधी दौड़ में उलझकर हम ऐसी बर्बादी की ओर भाग रहे हैं, जो एक सीमा पार करने के बाद स्वयं हमारे लिए ही संकट बन जाएगी?

हम मस्तिष्क से नहीं सोच रहे हैं, बल्कि एक अंधी दौड़ में भागे जा रहे हैं। आज की तरक्की अपनी जगह सही है, लेकिन इस विकास के चक्कर में हम अपने अपनों को ही पीछे छोड़ते जा रहे हैं। जिस आत्मीयता और संबंधों को सहेजने के लिए हमने तरक्की की नई इबारत लिखनी शुरू की थी, आज उसी मूल उद्देश्य को भूल चुके हैं।

2. ज़रूरत और लालसा के बीच उलझता जीवन

पहले हमारे बीच ‘दूरी (Physical Distance)’ थी, जिसे तकनीक ने मिटा दिया; लेकिन अब हमारे बीच ‘दिलों की दूरी (Emotional Gap)’ पैदा हो गई हैइसे कैसे भरा जाएगा? पहले हम दिल से इतने करीब थे कि एक संवाद के लिए मीलों पैदल चल लेते थे। आज हम एक ही छत के नीचे साथ रहकर भी एक-दूसरे से आत्मीय संवाद नहीं कर पाते। लोग पास तो हैं, पर उस नजदीकी में वह एक क्षण का सुकून नहीं है जहाँ अपनों से खुलकर बात हो सके।

श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 6 (आत्मसंयम योग), श्लोक 35 में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को मन की चंचलता को वश में करने का उपाय बताते हुए कहते हैं:

श्रीभगवानुवाच असंशयं महाबाहो मनो दुर्निग्रहं चलम् ।
अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्यते ॥

जब अर्जुन श्रीकृष्ण से कहते हैं कि मन को रोकना हवा को रोकने जितना कठिन है,” तब श्रीकृष्ण स्वीकार करते हैं कि मन वाकई चंचल है, लेकिन दो मुख्य साधनों से इसे नियंत्रित किया जा सकता है

श्रीकृष्ण कहते हैं कि भटके हुए मन को वश में करने के दो ही रास्ते हैं—अभ्यास (सही आदतों का बार-बार पालन) और वैराग्य (भौतिक चीज़ों और स्क्रीन से थोड़ा मानसिक खिंचाव)।

लेकिन आज स्थिति इसके उलट है। देखा जाए तो उस दौर की रुकावटें और दूरियाँ बेहतर थीं, क्योंकि कम से कम उनमें अपनों की पहचान और तड़प तो थी। आज के रिश्तों में वह पहचान खो गई है; अब रिश्ते सिर्फ भौतिक ज़रूरतों तक सीमित रह गए हैं। आज हम महंगे ब्रांड्स के पीछे भाग रहे हैं—किसके हाथ में कितना बड़ा ब्रांड है, यह हमारी जरूरत’ नहीं बल्कि हमारी ‘लालसा’ बन चुका है।

पहले धैर्य और इंतज़ार हमारी ज़रूरत और मूल्य थे, जिसके लिए हम घंटों लाइन में लगते थे और महीनों इंतज़ार करते थे। आज हमारी मूल बुनियाद ही बदल चुकी है—और जब जीवन के मूल सिद्धांत बदलते हैं, तो पूरे समाज और उसमें रहने वाले हम सभी को इसका नुकसान उठाना पड़ता है।

“भौतिक दूरी खत्म हुई पर भावनात्मक दूरी बढ़ गई”

ऐसे में सवाल उठता है—आखिर हमारा मूल सिद्धांत है क्या?

यह एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब किसी और के पास नहीं, बल्कि हममें से हर एक को अपने भीतर झाँककर खुद ही ढूँढना होगा…

क्या आपको भी कभी बिना मोबाइल वाले वो सीधे-सादे दिन याद आते हैं? डाकिये के इंतज़ार की वो बेकरारी या अपनों से जुड़ी कोई ख़ास याद… आप समय के इस बदलाव को कैसे देखते हैं?

यदि आपको यह रचना पसंद आई, तो ऐसी ही और भी बेहतरीन रचनाएँ पढ़ने के लिए मेरी पुस्तक ”मीमांसा ”अवश्य मँगवाएँ। 🛒  [यहाँ क्लिक करके अपनी प्रति ऑर्डर करें]

“अगर आपको यह कविता पसंद आई, तो आप हमारी पूरी ई-बुक ‘काव्य तरंगिणी’ ₹49 में Pdf डाउनलोड कर सकते हैं। यहाँ क्लिक करके ई-बुक खरीदें।”

नीचे कमेंट बॉक्स में अपनी यादें और विचार ज़रूर शेयर करें!

2 thoughts on “डाकिये की चिट्ठी से स्मार्टफोन तक: बदलता समय”

  1. Ek samay tha jab kisi ke jaane par uski chhithi ke aane ka intzaar hota tha. Sach mein kya baat likhi hai ekdum se wo purane din yaad aa gaye.

  2. Bina smart phone wala time. Wahi samay tha jab hum kisi bhi dost ke ghar pahunch jaate the aur ghoomne nikal jaate the.
    Ab to aisa samay aa gaya hai ki dost ke ghar jaane se pehle phone krna hota hai, jaise apne hi dost se appointment lena pad raha ho milne ke liye.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top