रक्षाबंधन हमें याद दिलाता है कि रिश्ते केवल धागों से नहीं, बल्कि दिलों के विश्वास से बाँधे जाते हैं। इसमें बचपन की नादानियों और तकरार की मिठास भी है और वक्त आने पर एक-दूसरे की ढाल बन जाने का साहस भी।
रक्षाबंधन केवल एक धागा बाँधने की रस्म नहीं है, बल्कि सदियों पुराने इतिहास, त्याग और सुरक्षा के वचनों की एक महान परंपरा है। क्या आपके जीवन में भी कोई ऐसा भाई या बहन है, जिसके साथ आपकी खट्टी-मीठी यादें जुड़ी हैं? यदि हाँ, तो आप इस कविता में उन पलों को महसूस कर सकते हैं।
इसे लिखते समय मैंने यह गहराई से अनुभव किया कि जो घटनाएँ उस पल बेहद साधारण लगती थीं, वास्तव में उनका हमारे रिश्तों से बहुत गहरा संबंध था। यह कविता उसी अटूट रिश्ते को दर्शाती है। यदि आप इसे थोड़े ध्यान और पुरानी यादों के साथ पढ़ेंगे, तो वे सारे लम्हे एक बार फिर आपके सामने जीवंत हो उठेंगे।
कविता: बंधन तेरे-मेरे बीच का
बंधन तेरे-मेरे बीच का,
लम्हों का वह यथार्थ।उंगलियाँ थामे, लड़ते-झगड़ते,
पवन की राहों पर निकलते।रवि का तेज लिए,
रुद्र रूप हूँ मैं, कोई हमें छू न पाए।मीमांसा इस धरा की,
चंचल अध्यात्म समेटे हुए।बंधन तेरे-मेरे बीच का,
है अनमोल रिश्ता यह भाई-बहन का।
1. बचपन की बेफिक्री और लम्हों का यथार्थ
साथ बिताए गए हर पल का सच्चा अनुभव (यथार्थ) होता है। एक-दूसरे की उंगलियाँ थामकर चलना, बात-बात पर झगड़ना और फिर हवाओं (पवन) की तरह बेफिक्र होकर अपनी धुन में निकल जाना—यह वही बचपन है जो हर भाई-बहन के दिल के सबसे करीब होता है।
2. प्यार ही नहीं, रक्षा का संकल्प
“रवि का तेज लिए, रुद्र रूप हूँ मैं, कोई हमें छू न पाए” —यह रिश्ता केवल प्यार बाँटने के लिए नहीं, बल्कि एक-दूसरे की ढाल बनने के लिए भी है। जब बात अपनों की सुरक्षा की आती है, तो मन में सूर्य जैसा तेज और ‘रुद्र’ रूप जैसा साहस आ जाता है, ताकि दुनिया की कोई भी मुसीबत इस रिश्ते को छू भी न सके।
3. आध्यात्मिक बंधन
मीमांसा इस धरा की, चंचल अध्यात्म समेटे हुए।”
‘मीमांसा’ का अर्थ है किसी गहरे सत्य का चिंतन। भाई-बहन का नाता इस पृथ्वी के किसी गहरे दार्शनिक विचार की तरह है—जिसमें एक तरफ़ बचपन की चंचलता है, तो दूसरी तरफ़ एक पावन, आध्यात्मिक जुड़ाव।
4. क्या हमें आज भी बचपन के उन लम्हों का सच्चा यथार्थ याद है?
शायद नहीं… वक्त की धार ने धीरे-धीरे उन यादों को घिसकर धुंधला कर दिया है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ी, हर पल के साथ हमारी मासूमियत कहीं पीछे छूटती चली गई। अगर कुछ बचा भी है, तो उसे हम खुद को “समझदार” और एक “परिपक्व इंसान” साबित करने की होड़ में गँवाते जा रहे हैं।
एक बार फिर से ज़रा ठहरकर उस बचपन को जीने की कोशिश करके देखिए। याद कीजिए, उन पलों में कितना निश्छल प्यार और अपनापन था, जो हम एक-दूसरे के लिए महसूस करते थे! क्या आज के इस भागदौड़ भरे जीवन में उस बीते समय का एक पल भी हमें सच में महसूस होता है?
पुराने लम्हों को याद करने का मतलब खुद को पीछे ले जाना नहीं है। यादों को ज़िंदा रखने से तो रिश्ते और ज़्यादा मजबूत होते हैं। जीवन की इस तेज़ रफ्तार में कभी-कभी थोड़ा ठहर जाना चाहिए; क्योंकि उस ठहराव में एक अद्भुत ऊर्जा (Energy) होती है, जो हमारे रिश्तों में फिर से वही पुरानी मिठास भर देती है।
5. एक पल अपनी आँखें मूँदकर तो देखिए…
क्या इस वक्त हमारी आँखें सच में शांति से बंद होती हैं? शायद नहीं… न हम रात को सुकून से सो पाते हैं, न उन यादों को महसूस कर पाते हैं।
बस एक पल के लिए अपनी आँखों को मूँदकर मस्तिष्क को थोड़ा सा विश्राम दीजिए… और खुद-ब-खुद उस बचपन की ओर चले जाइए, जहाँ आप कभी खेला करते थे। यह सोचे बिना कि वह जगह अब कैसी होगी, बस अपने उस मासूम बचपन के साथ एक बार फिर खेल लीजिए।
यह एक पल की खामोशी आपको ऐसी ताकत से भर देगी कि भले ही आपका शरीर स्थिर बैठा हो, लेकिन मन बचपन के उस आनंद में डूबकर पूरे शरीर को एक नई चेतना दे देगा। शरीर भले दोबारा उस दौर में न जा सके, पर हमारी आत्मा उस बचपन को आज भी पूरे अहसास के साथ जी सकती है।
6. रक्षाबंधन का इतिहास:
1. पौराणिक कथाएँ
- द्रौपदी और श्रीकृष्ण: महाभारत काल में जब भगवान श्रीकृष्ण की उंगली कट गई थी, तब द्रौपदी ने अपनी साड़ी का पल्लू फाड़कर उनकी उंगली पर बाँध दिया था। श्रीकृष्ण ने इस धागे को रक्षा-सूत्र माना और बाद में चीर-हरण के समय द्रौपदी की रक्षा करके अपना वचन निभाया।
- माता लक्ष्मी और राजा बलि: पौराणिक कथाओं के अनुसार, माता लक्ष्मी ने राजा बलि को राखी बाँधकर अपना भाई बनाया था और उपहार के रूप में पाताल लोक में निवास कर रहे भगवान विष्णु को वापस वैकुंठ माँग लिया था।
2. ऐतिहासिक संदर्भ
- रानी कर्णावती और हुमायूँ: जब मेवाड़ की रानी कर्णावती पर संकट आया, तो उन्होंने सहायता के लिए मुगल सम्राट हुमायूँ को राखी भेजी। हुमायूँ ने राखी की मर्यादा को समझते हुए रानी की मदद के लिए अपनी सेना भेजी थी।
- सिकंदर और राजा पुरु: सिकंदर की पत्नी ने राजा पुरु (पोरस) को राखी बाँधकर उन्हें अपना भाई बनाया था और युद्ध में सिकंदर के प्राणों की रक्षा का वचन लिया था। राजा पुरु ने युद्ध भूमि में अवसर मिलने पर भी राखी के उस वचन का मान रखा।
आपको यह कविता और इसका विचार कैसा लगा? अपने विचार नीचे कमेंट सेक्शन में ज़रूर साझा करें और इसे अपने उन दोस्तों के साथ शेयर करें |


Bahut bahut sundar
Ek din ka tyohaar par pure bachpan ki yaad.
Hum sab ek hi hain. Achha laga humare dharm ka naam bhi aapke tyohaar mein aata hai aur aapne ise sabko bataya bhi.
Jab behan bhai ki kalai par rakhi bandhti hai, to kewal dhaga nahi, vishwas bandhta hai.
Bhai behen ka pyaar.